Hanumangarh News: गर्भवती महिला के पेट में लात मारने और गला दबाने का आरोप
सदर थाना में आधा दर्जन के खिलाफ मामला दर्ज
हनुमानगढ़। कमाना गांव में गर्भवती महिला के साथ मारपीट, जान से मारने की कोशिश और उसके परिजनों पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर सदर पुलिस थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 2, कमाना निवासी कोमल (23) पत्नी मामूराम सांसी ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह गर्भवती है। Hanumangarh News
आरोप है कि 26 जुलाई की शाम करीब 6 बजे उसके दादा ससुर सुन्दरराम, वजीराराम पुत्र सुन्दरराम, देवर रामा, कल्लूराम पुत्र ढलियाराम, वीराराम तथा हीराराम पुत्र मन्नूराम लाठी-डंडे, लोहे की रॉड, चाकू और कापा लेकर उसके घर पहुंचे। आरोपियों ने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी। सुन्दरराम ने गर्भवती महिला के पेट में लात मारी और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। महिला के पति ने बचाने का प्रयास किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई।
शोर सुनकर महिला के भाई आकाश और आशु मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। इस दौरान कल्लूराम ने आशु के सिर पर लोहे की रॉड से वार किया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और छह टांके लगाने पड़े। वहीं वीराराम पर महिला के पति के साथ लोहे की रॉड से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है, जिससे उसे अंदरूनी चोटें आईं। पीड़िता का आरोप है कि आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने महिला और उसके पति को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल बंशीलाल को सौंपी है। Hanumangarh News