Rajasthan Railway News: बीकानेर मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने सादुलशहर, बनवाली एवं श्रीगंगानगर स्टेशन का किया निरीक्षण

यात्री सुविधाओं, माल राजस्व वृद्धि एवं संरक्षित रेल संचालन पर दिया विशेष जोर

Published On

श्रीगंगानगर (सच कहूँ न्यूज़)।  मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने रविवार  को बीकानेर मंडल के सादुलशहर, बनवाली एवं श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण कर विभिन्न विकास एवं परिचालन कार्यों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने सबसे पहले सादुलशहर स्टेशन का दौरा किया। उन्होंने स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, टिकट बुकिंग कार्यालय, पैनल कक्ष सहित विभिन्न यात्री सुविधाओं का निरीक्षण कर स्टेशन पर उपलब्ध व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इसके पश्चात उन्होंने बनवाली स्टेशन का निरीक्षण किया तथा गुड्स शेड का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को व्यापारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर माल ढुलाई बढ़ाने एवं माल राजस्व में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए।अपने दौरे के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने श्रीगंगानगर रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत स्टेशन के पुनर्विकास का प्रथम चरण पूर्ण हो चुका है।

लगभग 20.60 करोड़ रुपये की लागत से स्टेशन भवन का आधुनिकीकरण, प्रवेश एवं निकास मार्गों का पृथक्करण, बाउंड्री वॉल, सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण, दोपहिया एवं चौपहिया वाहनों के लिए पृथक पार्किंग, बुकिंग कार्यालय, रिटायरिंग रूम, नए शौचालय ब्लॉक तथा अन्य यात्री सुविधाओं का उन्नयन किया गया है।उन्होंने बताया कि स्टेशन पर एलईडी लाइटिंग, आकर्षक आर्टवर्क, दिव्यांगजन अनुकूल साइनेज, आधुनिक यात्री सूचना प्रणाली, कोच गाइडेंस डिस्प्ले बोर्ड, मल्टीलाइन एवं सिंगल लाइन डिस्प्ले बोर्ड, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, बड़े एलईडी स्क्रीन तथा जीपीएस आधारित डिजिटल क्लॉक भी स्थापित किए गए हैं।

दौरे के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने समपार फाटक संख्या 171, 148 एवं 129 का भी निरीक्षण किया तथा संरक्षित  रेल संचालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल अभियंता (उत्तर) नीरज सिंह, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (संकेत एवं दूरसंचार) रण सिंह गोदारा, मूवमेंट इंस्पेक्टर महेन्द्र सिंह सहित रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

पुनर्विकास से  रेलयात्रियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं: गोविल

मंडल रेल प्रबंधक गौरव गोविल ने बताया गया कि श्रीगंगानगर स्टेशन पर लगभग 9.98 करोड़ रुपये की लागत से 12 मीटर चौड़ा फुटओवर ब्रिज बनाया जा रहा है, जिसका लगभग 88 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके अतिरिक्त हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 22.5 लाख रुपये की लागत से सोलर ऊर्जा संयंत्र भी स्थापित किया गया है।

मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के पुनर्विकास से यात्रियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी, आवागमन अधिक सुगम होगा तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय कारीगरों एवं श्रमिकों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे, जिससे क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को गति मिलेगी तथा पर्यटन एवं स्थानीय हस्तशिल्प को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

About The Author

Related Posts