Farmers News: एचडीएफसी बैंक मुण्डा पर किसानों से अवैध वसूली के आरोप

चेतावनी-5 अगस्त तक समाधान नहीं हुआ तो बैंक के बाहर होगा धरना

Published On

हनुमानगढ़। एचडीएफसी बैंक की मुण्डा शाखा पर केसीसी धारक किसानों से सुपर विजन चार्ज के नाम पर अवैध वसूली, अधिक ब्याज लेने, बीमा क्लेम का निस्तारण नहीं करने तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में लापरवाही बरतने के आरोप लगाए गए हैं। इन मांगों को लेकर किसानों की ओर से सोमवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई। Farmers News:

श्रीगंगानगर जिले की सूरतगढ़ तहसील के गांव चाड़सर निवासी मघानाथ ने आरोप लगाया कि बैंक किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) खातों से प्रतिवर्ष 2 हजार रुपए से लेकर 15 हजार रुपए तक 'सुपर विजन चार्जÓ के नाम पर राशि काट रहा है। उन्होंने कहा कि ऋण स्वीकृति के समय अंग्रेजी भाषा में दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए, जिनकी जानकारी अधिकांश किसानों को नहीं थी। इस संबंध में कई बार बैंक प्रबंधन को शिकायतें दी गईं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। केसीसी ऋण के साथ कराई गई बीमा पॉलिसियों के संबंध में उन्हें सही जानकारी नहीं दी गई।

बैंक कर्मचारियों ने बताया था कि किसान की मृत्यु होने पर ऋण माफ हो जाएगा, लेकिन वास्तविकता में ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने गांव धीरदेसर तहसील पल्लू निवासी किसान भंवरनाथ पुत्र रामनाथ का मामला भी उठाया। किसानों के अनुसार भंवरनाथ की 28 फरवरी 2025 को हृदयाघात से मृत्यु हो गई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य आवश्यक दस्तावेज बैंक को सौंपने के बावजूद बीमा क्लेम अस्वीकार कर दिया गया। आरोप है कि अब बैंक कर्मचारी मृतक किसान के परिवार पर ऋण और ब्याज जमा कराने का दबाव बना रहे हैं तथा जमीन कुर्क करने की चेतावनी दे रहे हैं। Farmers News:

इसके अलावा किसानों ने आरोप लगाया कि खरीफ 2025 और रबी 2026 की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का प्रीमियम बैंक ने समय पर काट लिया, लेकिन कई किसानों की पोर्टल पर प्रविष्टि नहीं की गई, जिससे वे बीमा लाभ से वंचित रह गए। किसानों ने इसकी जिम्मेदारी बैंक पर तय करते हुए प्रभावित किसानों को क्लेम राशि दिलाने की मांग की। किसानों ने यह भी कहा कि केसीसी ऋण पर 10 प्रतिशत ब्याज बताकर ऋण दिया गया था, लेकिन बाद में 15 से 20 प्रतिशत तक ब्याज वसूला जा रहा है, जिससे किसान आर्थिक संकट में आ गए हैं।

किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि 5 अगस्त तक सभी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो एचडीएफसी बैंक मुण्डा शाखा के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा तथा बैंक का कामकाज पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। केसीसी धारक किसानों ने उनकी समस्याओं को उठाते हुए प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा शीघ्र न्याय दिलाने की मांग की। इस मौके पर मदननाथ, विनोद कुमार, गिरधारी, विनोदनाथ, जयवर्धन सिंह, दलीपनाथ, राकेश कुमार, मदन सिंह, हंसराज, रामस्वरूप नाथ सहित कई अन्य किसान मौजूद थे। Farmers News:

About The Author

Related Posts