बकरी के दूध की लस्सी पीने से एक ही परिवार के सात लोग बीमार!
दो बच्चों समेत तीन की हालत गंभीर, नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर
पलवल (सच कहूँ न्यूज)। Palwal News: जिले के गांव चांदहट में बकरी के दूध से बनी लस्सी पीने के बाद एक ही परिवार के सात लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। सभी को पहले पलवल के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज, नल्हड़ रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार बीमारी के वास्तविक कारणों का पता जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
जानकारी के अनुसार परिवार पिछले करीब दो वर्षों से बकरी पालन कर आजीविका चला रहा है। रविवार शाम बकरी के दूध से लस्सी तैयार कर परिवार के सात सदस्यों ने पी। करीब 15 से 20 मिनट बाद पहले तीन बच्चों को उल्टी-दस्त शुरू हो गए, जिसके बाद अन्य सदस्य भी एक-एक कर बेहोश होने लगे। सभी को पहले गांव के निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां से नागरिक अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में करीब तीन घंटे तक उपचार के बाद सभी को नल्हड़ रेफर कर दिया गया। रेफर के समय दो बच्चों और एक बुजुर्ग की हालत सबसे गंभीर बताई गई।
परिजनों ने आशंका जताई है कि दूध में किसी विषैले पदार्थ की मिलावट हुई हो सकती है। वहीं पीड़ित सोनू के अनुसार परिवार की एक बकरी दिन में बीमार थी और संभव है कि खेतों में इस्तेमाल किए गए कीटनाशकों के संपर्क में आने से दूध प्रभावित हुआ हो। इमरजेंसी मेडिकल आॅफिसर डॉ. पवन ने बताया कि सभी मरीजों का तत्काल उपचार किया गया है तथा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
