जगराओं के गांव गिद्दड़विंडी को मिला 66 के.वी. ग्रिड सब-स्टेशन

5.50 करोड़ रूपये की परियोजना से 10 गाँवों को मिलेगी निर्बाध बिजली

Published On

लुधियाना (सच कहूँ/सुरेन्द्र कुमार शर्मा)। Ludhiana News: पंजाब सरकार द्वारा राज्य के बिजली बुनियादी ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जगराओं तहसील के गाँव गिद्दड़विंडी में नए 66 के.वी. ग्रिड सब-स्टेशन का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने किया। इस अवसर पर जगराओं की विधायक सर्वजीत कौर माणूंके तथा पॉवरकॉम के सीएमडी डॉ. बसंत गर्ग भी उपस्थित रहे। बिजली मंत्री ने बताया कि लगभग 5 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई इस परियोजना का उद्देश्य उपभोक्ताओं को निर्बाध, भरोसेमंद और बेहतर बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि इस सब-स्टेशन से गिद्दड़विंडी, लोधीवाल, तिहाड़ा, शेरेवाल, सोधीवाल, मलसियां बाजां, कन्नियां, रसूलपुर जांडी, तरफ कोटली और अबूपुरा सहित 10 गाँवों के हजारों बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए ग्रामीणों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए 1 एकड़ 2 कनाल भूमि दान में दी। इसके तहत 6.30 किलोमीटर लंबी 66 के.वी. ट्रांसमिशन लाइन बिछाई गई है तथा 29 टावर स्थापित किए गए हैं। सब-स्टेशन में 12.5 एम.वी.ए. क्षमता का पावर ट्रांसफॉर्मर और 7 आउटगोइंग 11 के.वी. फीडर लगाए गए हैं।

विधायक सर्वजीत कौर माणूंके ने कहा कि इस ग्रिड के शुरू होने से जगराओं विधानसभा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और अधिक सुचारु होगी। उन्होंने यह भी बताया कि बुजकर, काऊंके और भम्मीपुर में भी नए ग्रिडों का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे क्षेत्र में बिजली संबंधी समस्याओं में और कमी आएगी।

पॉवरकॉम के सीएमडी डॉ. बसंत गर्ग ने कहा कि नया सब-स्टेशन न केवल ट्रांसमिशन और वितरण प्रणाली को और अधिक मजबूत करेगा, बल्कि आने वाले समय में लगभग 20 गाँवों की बिजली आपूर्ति की गुणवत्ता में भी सुधार लाएगा। इससे वोल्टेज में सुधार होगा और मौजूदा सब-स्टेशनों पर लोड भी कम होगा।

Ludhiana News
Ludhiana News: जगराओं के गांव गिद्दड़विंडी को मिला 66 के.वी. ग्रिड सब-स्टेशन

About The Author

Related Posts