Farmers' Protest: किसान नेता गुरनाम चढूनी की हिरासत की सूचना पर हाईवे जाम

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाया

Published On

Farmers' Protest: भूना (सच कहूँ/ संगीता रानी)। भारतीय किसान यूनियन चढूनी ग्रुप के किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी को पेहवा पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की सूचना के बाद सोमवार को भूना क्षेत्र में किसानों ने विरोध प्रदर्शन किया। ढाणी भोजराज के करीब 10-12 किसान ढाणी गोपाल बस स्टैंड पर पहुंचे और सिरसा-चंडीगढ़ स्टेट हाईवे-2 पर लकड़ी, पत्थर व अन्य सामान रखकर जाम लगा दिया। अचानक लगाए गए जाम से दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गईं और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। Fatehabad News

हाईवे जाम होने की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह हुड्डा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें सड़क से हटाया और यातायात को दोबारा सुचारु कराया। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे चार किसानों को अपने साथ पुलिस वाहन में बैठाकर थाना भूना ले आई।

प्रदर्शनकारियों में मांगेराम हसंगा, सतबीर गोदारा ढाणी भोजराज, जयपाल सिंह और रामकुमार सहित अन्य किसान शामिल रहे। किसानों का कहना था कि उन्हें किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी को पेहवा पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने की सूचना मिली थी। इसी के विरोध में उन्होंने हाईवे पर प्रदर्शन कर अपना रोष जताया। पुलिस के हस्तक्षेप के बाद कुछ ही देर में जाम खुलवा दिया गया, जिससे यातायात सामान्य हो गया। थाना परिसर में लाए गए किसानों को जलपान करवाया गया और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया। Fatehabad News

थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह हुड्डा ने बताया कि हाईवे पर जाम लगाने की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची थी। प्रदर्शनकारियों को समझाकर सड़क खाली करवाई गई, जिससे यातायात बहाल हो सका। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति में आमजन को अनावश्यक परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

जाखल कमेटी ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी

जाखल (सच कहूँ/तरसेम सिंह)। भारत-अमेरिका कृषि व्यापार समझौते के विरोध में 21 जुलाई को दिल्ली के किसान घाट पर होने वाली महापंचायत से पहले, हरियाणा पुलिस ने भाकियू प्रमुख गुरनाम सिंह चढूनी को पिहोवा के पास हिरासत में ले लिया है। इस कार्रवाई से राज्य के किसानों में भारी आक्रोश है और शंभू बॉर्डर सहित कई प्रमुख टोल प्लाजा जाम कर दिए गए हैं। इस बीच, 'पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति (ब्लॉक जाखल)' ने इस पुलिसिया कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की है। जाखल ब्लॉक के प्रधान लाभ सिंह उदयपुर सचिव हरविन्द्र बेनीपाल ने चेतावनी दी है कि यदि चढूनी को तुरंत रिहा नहीं किया गया, तो स्टेट कमेटी का आदेश आते ही जाखल क्षेत्र में उग्र आंदोलन और चक्का जाम शुरू कर दिया जाएगा। Fatehabad News

Protest-Charuni

About The Author

Related Posts