शिक्षा और रोजगार
Delhi Traffic Advisory: किसानों की महारैली को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जारी
किसान घाट पर प्रदर्शन आज, कई प्रमुख मार्गों पर लग सकते हैं प्रतिबंध
Delhi Traffic Advisory: नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को किसान घाट पर प्रस्तावित प्रदर्शन और जनसभा के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है, इसलिए लोगों को यात्रा से पहले अपनी योजना बनाने की सलाह दी गई है। Delhi News
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार सत्याग्रह मार्ग, वेलोड्रोम रोड, राजघाट डीटीसी डिपो रोड तथा आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को इन मार्गों से बचते हुए वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
इन स्थानों से ट्रैफिक किया जा सकता है डायवर्ट
यातायात की स्थिति के अनुसार जरूरत पड़ने पर वाहनों को दिल्ली गेट, राजघाट चौराहा, गुरु नानक चौक, शांतिवन चौक, राजघाट डीटीसी डिपो और आईपी फ्लाईओवर से अन्य मार्गों की ओर मोड़ा जा सकता है। इसके अलावा राजघाट डीटीसी बाइपास रोड और आसपास की सड़कों पर भी सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ रहने की संभावना है। Delhi News
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष रूप से उन लोगों को पहले से यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है, जिन्हें इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे या अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंचना है। समय से पहले घर से निकलने पर संभावित जाम और देरी से बचा जा सकता है।
पार्किंग और ट्रैफिक नियमों का रखें ध्यान
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वाहन केवल अधिकृत पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और सड़क किनारे पार्किंग से बचें। इससे यातायात सुचारु रहेगा और जाम की स्थिति नहीं बनेगी। साथ ही, यात्रा के दौरान नेविगेशन ऐप का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है, ताकि वास्तविक समय की ट्रैफिक जानकारी के आधार पर वैकल्पिक मार्ग चुना जा सके।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह व्यवस्था नागरिकों की सुरक्षा और यातायात को व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से की गई है। लोगों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने, पुलिसकर्मियों के निर्देशों का सम्मान करने तथा संयम बनाए रखने की अपील की गई है। किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी जानकारी या सहायता के लिए ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन और आधिकारिक डिजिटल माध्यमों का उपयोग किया जा सकता है। Delhi News