Japan Open 2026: पीवी सिंधु दुनिया की पांच नंबर की खिलाड़ी को हराकर रचा इतिहास
पीवी सिंधु ने चीन की हान यू को हराया
टोक्यो (वार्ता)। Japan Open 2026: ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु ने गुरुवार को महिला एकल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन की हान यू को हराकर जापान ओपन 2026 बैडमिंटन टूनार्मेंट के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली। आज यहां टोक्यो मेट्रोपॉलिटन जिम्नेजियम में खेले गये मुकाबले में बैडमिंटन रैंकिंग में अभी 10वें नंबर पर मौजूद पीवी सिंधु ने चीन की दुनिया की नंबर 5 खिलाड़ी हान यू को मात्र 35 मिनट में 21-16, 21-14 से हराकर अंतिम आठ में जगह बनाई। यह भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी शुक्रवार को बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 टूनार्मेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए स्थानीय पसंदीदा और पूर्व वर्ल्ड चैंपियन नोजोमी ओकुहारा का सामना करेंगी।
ओकुहारा तब आगे बढ़ीं जब दक्षिण कोरिया की टॉप सीड एन से-यंग अपने दूसरे राउंड के मैच से हट गईं।
पहले गेम में धीमी शुरूआत के बाद, पीवी सिंधु ने धीरे-धीरे अपनी लय हासिल की और रैलियों पर नियंत्रण बनाते हुए बढ़त हासिल की और पहला गेम जीत लिया। इसके बाद भारतीय शटलर ने दूसरे गेम में भी वही लय बनाए रखी, 8-0 की बढ़त बना ली और हान यू को वापसी का कोई खास मौका नहीं दिया। चीनी खिलाड़ी ने कुछ समय के लिए अंतर को कम किया, लेकिन सिंधु ने संयम बनाए रखा, मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत रखी और शानदार जीत दर्ज करते हुए अपना हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 8-1 कर लिया।
सिंधु ने ओकुहारा के खिलाफ होने वाले मैच के बारे में कहा, "हम बचपन से, यानी अंडर-19 के समय से ही साथ खेल रहे हैं और हमने कई बार एक-दूसरे का सामना किया है। मुझे लगता है कि कल का मैच रोमांचक होगा। हाल के दिनों में वह भी अच्छा खेल रही हैं और उनके कुछ अच्छे मैच हुए हैं। आज उनका कोई मैच नहीं है क्योंकि एन से-यंग हट गई हैं। लेकिन मेरे लिए जरूरी है कि मैं वापस जाकर अच्छी तरह रिकवर करूं और कल और मजबूती से वापसी करूं।"
इससे पहले दिन में, भारत की मिश्रित युगल जोड़ी ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो प्री-क्वार्टर फाइनल में चीन की टॉप सीड जोड़ी फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग से 22-20, 21-17 से हारकर बाहर हो गई। यह मैच 47 मिनट तक चला। सिंधु और कपिला-क्रास्टो ही एकमात्र भारतीय थे जिन्होंने जापान ओपन के दूसरे दौर में जगह बनाई।
