मीरापुर में बारिश से बिगड़े हालात, संभलहेड़ा और रसूलपुर समेत कई गांवों में जलभराव, मकान गिरे और सैकड़ों बीघा फसल बर्बाद

मीरापुर में बारिश से बिगड़े हालात, संभलहेड़ा और रसूलपुर समेत कई गांवों में जलभराव, मकान गिरे और सैकड़ों बीघा फसल बर्बाद

Published On

मीरापुर।(सच कहूं/कोमल कुमार) पिछले 36 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने मीरापुर क्षेत्र में भारी तबाही मचा दी है। लगातार वर्षा के कारण कस्बे और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। कई स्थानों पर मकान धराशायी हो गए, सड़कें जलमग्न हो गईं और खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूबकर बर्बाद हो गईं। हालात ऐसे हैं कि लोगों का घरों से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। बारिश के चलते मीरापुर से गुजरने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग भी जलमग्न हो गया। हाईवे पर करीब तीन फुट तक पानी भर जाने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और कई वाहन रास्ते में फंस गए। जलभराव के कारण अनेक संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मीरापुर क्षेत्र के ग्राम संभलहेड़ा, मुझेड़ा, रसूलपुर, कैथोड़ा, देवल सहित कई गांवों में दो से तीन फुट तक पानी भरा हुआ है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण पानी लगातार जमा हुआ है, जिससे ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। किसानों की सैकड़ों बीघा फसल जलभराव की चपेट में आकर बर्बाद हो गई है। नगर पंचायत मीरापुर के मोहल्ला जाटों वाला, पड़ाव चैक, ईदगाह रोड, कमलियान मोहल्ला सहित कई इलाकों में भारी जलभराव होने से लोगों के घरों में पानी घुस गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।

Mirapur1

बारिश से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए प्रशासन ने सर्वे कार्य शुरू कर दिया है। लेखपाल ओमवीर सिंह ने ग्राम रसूलपुर और ग्राम गढ़ी मुझेड़ा का दौरा कर बारिश से गिरे मकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि ग्राम गढ़ी मुझेड़ा निवासी नफीस जेहरा पत्नी सरफराज तथा ग्राम रसूलपुर गढ़ी निवासी दिलावर पुत्र बंदे हसन के मकान वर्षा के कारण धराशायी हो गए हैं। दोनों मामलों की जांच रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है तथा प्रभावित परिवारों को प्राकृतिक आपदा राहत निधि से आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं संभलहेड़ा के लेखपाल नीरज कुमार ने भी गांव पहुंचकर जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया और जिन परिवारों के घरों में पानी घुस गया है, उनका सर्वे शुरू कराया। इस दौरान शाहिद पुत्र रशीद, शहरोज पत्नी आफताब, सरताज बेगम पत्नी अयूब तथा समीम पुत्र मोहम्मद इस्लाम सहित दर्जनों प्रभावित परिवारों की स्थिति का आकलन किया गया।

निरीक्षण के समय ग्राम प्रधान रिहान अंसारी भी मौजूद रहे। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। उधर ग्राम देवल के निकट हाईवे के धसने से दिल्ली पौडी राजमार्ग को कुछ समय के लिए बंद कर दिया गया है। भारी बारिश के कारण संभावित जलभराव की स्थिति को देखते हुए उपजिलाधिकारी रश्मि लांबा और तहसीलदार श्रद्धा गुप्ता ने देर रात विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने जल निकासी व्यवस्था, नालों की सफाई, जलभराव संभावित स्थलों और आमजन की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

About The Author

Related Posts