Crispy Samosa Recipe: चाय के साथ चाहिए खस्ता समोसे? जानिए हलवाई वाला सीक्रेट तरीका
हलवाई जैसे कुरकुरे समोसे बनाने की आसान ट्रिक
Crispy Samosa Recipe: बरसात के मौसम में चाय के साथ गरमा-गरम और खस्ता समोसे खाने का मजा ही अलग होता है। हालांकि हर बार बाजार से समोसे लाना संभव नहीं होता। अगर आप भी घर पर हलवाई जैसे करारे और स्वादिष्ट समोसे बनाना चाहते हैं, तो कुछ आसान टिप्स अपनाकर बिल्कुल वैसा ही स्वाद पा सकते हैं।
आटे में सूजी मिलाएं
समोसे की बाहरी परत को ज्यादा करारा बनाने के लिए आटे में थोड़ी-सी सूजी जरूर मिलाएं। एक कप मैदा या आटे में करीब दो चम्मच बारीक सूजी मिलाना पर्याप्त होता है। यदि सूजी मोटी हो तो उसे मिक्सर में पीसकर इस्तेमाल करें। इससे समोसे लंबे समय तक खस्ते बने रहते हैं।
अजवाइन से बढ़ाएं स्वाद
समोसे की बाहरी परत को स्वादिष्ट बनाने के लिए आटा गूंथते समय हथेलियों से रगड़कर थोड़ी-सी अजवाइन डालें। इससे समोसे में बेहतरीन खुशबू और स्वाद आता है। साथ ही नमक की सही मात्रा मिलाना भी जरूरी है, ताकि परत फीकी न लगे।
मोयन का रखें खास ध्यान
खस्ता समोसे बनाने में मोयन सबसे अहम भूमिका निभाता है। आप चाहें तो तेल का इस्तेमाल करें, लेकिन घी का मोयन समोसे को ज्यादा कुरकुरा और स्वादिष्ट बनाता है। सही मात्रा में मोयन डालने से समोसे की परत हलवाई जैसी बनती है।
कड़ा आटा गूंथें
मोयन अच्छी तरह मिलाने के बाद थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सख्त आटा गूंथें। मुलायम आटा समोसे को खस्ता नहीं बनने देता। इसलिए आटा हमेशा थोड़ा कड़ा ही रखें।
आटे को दें आराम
आटा तैयार होने के बाद उसे ढककर कम से कम 15–20 मिनट के लिए छोड़ दें। इससे सूजी और मोयन अच्छी तरह सेट हो जाते हैं और समोसे तलने पर ज्यादा कुरकुरे बनते हैं।
इन आसान टिप्स को अपनाकर आप घर पर ही हलवाई जैसे खस्ता, करारे और स्वादिष्ट समोसे तैयार कर सकते हैं और बारिश के मौसम में चाय के साथ उनका भरपूर आनंद उठा सकते हैं।