मोदी के दौरे से पहले पूरे पंजाब में दो दिवसीय स्वच्छता अभियान

620 मंडलों के 3,100 से अधिक स्थानों पर चलाया गया अभियान: ढिल्लों

Published On

जालंधर (एजेंसी)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (Narendra Modi) के 17 जुलाई को प्रस्तावित पंजाब दौरे से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूरे राज्य में दो दिवसीय स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने जालंधर के बाबा बुड्ढा जी नगर स्थित एक पार्क में सफाई अभियान में भाग लिया। यह कार्यक्रम डकोहा मंडल के अध्यक्ष चंदन राखेजा के नेतृत्व में आयोजित किया गया। इस अवसर पर ढिल्लों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पंजाब आगमन को लेकर लोगों में भारी उत्साह है।

उन्होंने कहा कि केवल भाजपा कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि पूरे पंजाब के लोग प्रधानमंत्री का भव्य और गर्मजोशी से स्वागत करने के लिए उत्सुक हैं। ढिल्लों ने बताया कि प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर भाजपा ने पूरे पंजाब में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया है। इसके तहत 620 भाजपा मंडलों के 3,100 से अधिक स्थानों पर सफाई अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों, पार्कों, अस्पतालों, मंदिरों और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों की सफाई की गयी।

उन्होंने कहा कि यह अभियान श्री मोदी के स्वच्छ भारत मिशन से प्रेरित है, जिसने स्वच्छता को देशव्यापी जन आंदोलन का रूप दिया है। उन्होंने कहा कि अपने गांव, शहर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की साझा जिम्मेदारी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री अपने पंजाब दौरे के दौरान राज्यवासियों को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें आधुनिक सुविधाओं से लैस पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन, प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं तथा पीजीआई में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के नये आयाम स्थापित कर रहा है और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

Jalandhar News

About The Author

Related Posts