Hyderabad Road Accident: डिवाइडर से टकराकर पलटी कार, चार साल की बच्ची समेत तीन की मौत

तेलंगाना में सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत 

Published On

हैदराबाद (एजेंसी)। Hyderabad Road Accident: तेलंगाना में सड़क दुर्घटनाओं की दो अलग-अलग घटनाओं में कम से कम चार लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक ही परिवार के तीन सदस्य शामिल थे। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी साझा की।  

संगारेड्डी जिले में एक कार के सड़क डिवाइडर से टकराने से चार साल की बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। सुबह-सुबह कल्हेर मंडल के बचुपल्ली के पास हुए इस हादसे में पांच अन्य लोग घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महाराष्ट्र के नांदेड़ के एक ही परिवार के थे। वे विदेश से लौट रहे रिश्तेदारों को लेने हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट जा रहे थे।

कार ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और वह डिवाइडर से टकरा गई। गाड़ी पलट गई और सड़क से नीचे गिर गई, जिससे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। घायलों में से एक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पांच घायलों को नारायणखेड़ के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नारायणखेड़ अस्पताल की मोर्चरी में भेजा गया। कल्हेर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Two-XEN-killed-three-injured-in-road-accident

दूसरी ओर, खम्मम जिले में हुए एक अन्य हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।

पुलिस के मुताबिक, येदुलापुरम में कोडद चौराहे के पास एक डीसीएम और एक प्राइवेट बस की टक्कर हो गई। घायलों को खम्मम के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्राइवेट बस में 40 यात्री सवार थे और वह हैदराबाद से ओडिशा जा रही थी।

इससे पहले, हैदराबाद के बाहरी इलाके याप्राल में एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स की बाउंड्री वॉल से कार टकराने से 22 साल के एक छात्र की मौत हो गई।

सोमवार को मल्कजगिरी पुलिस कमिश्नरेट के जवाहर नगर पुलिस स्टेशन इलाके में हुए इस हादसे में दो अन्य लोग घायल हो गए।

मृतक की पहचान वरुण के तौर पर हुई, जो सेना के एक जवान का बेटा था। वह अपने दो दोस्तों, अली और अरुण के साथ घर लौट रहा था, तभी याप्राल में ओम श्री सिगनेट अपार्टमेंट के पास तेज रफ्तार गाड़ी पर उसका नियंत्रण नहीं रहा।

पुलिस को शक है कि तेज रफ्तार के कारण युवक ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया होगा।

About The Author

Related Posts