शिक्षा और रोजगार
आंगनबाड़ी केंद्र में मिली खामियां, वर्कर व सुपरवाइजर को नोटिस
रिकॉर्ड अव्यवस्थित मिलने पर डीसी अपराजिता ने जताई नाराजगी
कैथल (सच कहूँ/कुलदीप नैन)। Kaithal News: उपायुक्त अपराजिता ने मंगलवार को शहर के बलराज नगर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड संतोषजनक नहीं मिलने पर उन्होंने संबंधित आंगनबाड़ी वर्कर और सुपरवाइजर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी केंद्रों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।निरीक्षण के दौरान डीसी ने राशन स्टॉक, हाजिरी रजिस्टर, स्टॉक रजिस्टर, दवाइयों, खिलौनों और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की।
आयरन एवं फोलिक एसिड सिरप की एक्सपायरी डेट भी देखी गई तथा टीकाकरण गतिविधियों की समुचित वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए। बच्चों की लंबाई और वजन मापने वाली मशीन खराब मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और जिला कार्यक्रम अधिकारी सपना को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों की आवश्यकताओं का आकलन कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। साथ ही खराब मशीनों को तत्काल ठीक कराने तथा जरूरत पड़ने पर नई मशीनों की मांग भेजने को कहा, ताकि बच्चों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
