फरीदकोट में परिजनों ने बेटी की हत्या कर खेतों में फैंका शव, जाँच में जुटी पुलिस 

पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी 

Published On

फरीदकोट (सच कहँ/गुरप्रीत पक्का)। Faridkot News: फरीदकोट जिले के कोटकपूरा क्षेत्र में कथित आॅनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गाँव बुर्ज हरीका में अपने ही गाँव के युवक से प्रेम विवाह करने वाली युवती की उसके परिजनों द्वारा कथित रूप से हत्या कर शव खेतों में फेंक दिए जाने की घटना सामने आई है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय महकप्रीत कौर के रूप में हुई है। उसका शव मंगलवार को कोटकपूरा के निकट अमृतसर-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित खेतों से बरामद किया गया। सूचना मिलने पर थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, फरीदकोट भेज दिया।

पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार महकप्रीत कौर ने करीब ढाई माह पहले, 4 मई 2026 को अपने ही गाँव के निवासी जगदीप सिंह से प्रेम विवाह किया था। विवाह के बाद दोनों बठिंडा जिले के गाँव भगता भाई का में रह रहे थे। पुलिस के अनुसार सोमवार शाम दोनों मोटरसाइकिल पर कोटकपूरा आ रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के पास महकप्रीत के परिजनों ने उन्हें घेर लिया। जगदीप सिंह मौके से भागने में सफल हो गया, जबकि महकप्रीत कौर को उसके परिजनों ने पकड़ लिया। आरोप है कि उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई और शव को सड़क किनारे खेतों में फेंक दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी कोटकपूरा संजीव कुमार, डीएसपी (डी) अवतार सिंह राजपाल, थाना सिटी कोटकपूरा के एसएचओ सुखविन्द्र सिंह तथा सीआईए स्टाफ सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। डीएसपी अवतार सिंह राजपाल ने बताया कि प्रारंभिक जाँच में सामने आया है कि युवती के परिजन उसके प्रेम विवाह से नाराज थे और इसी रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

Faridkot News

About The Author

Related Posts