चार दोस्तों में जन्मदिन की पार्टी के बाद हुई बहस, जंगल में ले जाकर एक को मार डाला

पुलिस ने हत्या के आरोप में तीन लोगों को किया गिरफ्तार

Published On

गुरुग्राम (सच कहूँ न्यूज)। Gurugram News: सेक्टर-54 डीएलएफ फेज-5 के जंगल में मिले एक व्यक्ति के शव के मामले में गहनता से जांच करते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची है। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए बुधवार को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सहायक पुलिस आयुक्त अपराध नवीन शर्मा ने बताया कि जन्मदिन की पार्टी के बाद आरोपियों ने आपसी कहासुनी में व्यक्ति की पत्थर मारकर हत्या की थी। मृतक और उसकी हत्या के आरोपी झारखंड के रहने वाले थे। गुरुग्राम में काम की तलाश में आए थे।

जानकारी के अनुसार 14 जुलाई 2026 की सुबह 06:15 बजे पुलिस को सूचना मिली कि डीएलएफ फरीदाबाद टी-पॉइंट के पास जंगल में एक व्यक्ति का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सेक्टर-53 इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा, प्रभारी अपराध शाखा सेक्टर-43 एसआई अंकित टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव की पहचान बंदी उरांव (39 वर्ष) निवासी जिला गुमला  झारखंड के रूप में हुई। मृतक के सिर और चेहरे पर पत्थर से वार के निशान थे।

पुलिस ने सीन-आॅफ-क्राइम, डॉग स्क्वायड, फिंगरप्रिंट और एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल गुरुग्राम की मोर्चरी में रखवाया गया। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-53 में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बुधवार को तीनों आरोपियों को गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान राम (30 वर्ष) निवासी जिला गुमला झारखंड, विनय (35 वर्ष) निवासी जिला गुमला झारखंड, प्रकाश (26 वर्ष) निवासी गांव जिला सिमडेगा झारखंड  के रूप में हुई है। आरोपी राम गुरुग्राम में टैक्सी चलाता है। विनय व प्रकाश यहां आॅटो चलाते हैं।  

एक माह पहले काम की तलाश में आया था बंदी उरांव

आरोपियों से पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक बंदी उरांव काम की तलाश में एक महीने पहले गुरुग्राम आया था। 13-14 जुलाई की रात को बंदी के एक साथी के बेटे का जन्मदिन था। बंदी अपने दोस्तों के साथ वजीराबाद में पार्टी में शामिल हुआ था। पार्टी के बाद बंदी ने दोस्तों से गुरुग्राम शहर घुमाने की जिद की। इस पर राम, विनय और प्रकाश उसे कार में लेकर निकले। वजीराबाद ढाणी चौक के पास सभी की आपस में कहासुनी हो गई। गुस्से में तीनों आरोपियों ने बंदी को अरावली पहाड़ी के जंगल में ले जाकर पत्थर से हमला कर दिया और शव को झाड़ियों में फेंककर फरार हो गए। वारदात में इस्तेमाल कार आरोपी राम की थी।

Gurugram News
Gurugram News: गुरुग्राम में झारखंड के व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस गिरफ्त में आरोपी।

About The Author

Related Posts