शिक्षा और रोजगार
Haryana News: हरियाणा के कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी! अब ऑनलाइन होंगे तबादले, ट्रांसफर प्रक्रिया बनेगी पारदर्शी
Haryana News: हरियाणा में अब ऑनलाइन होंगे कर्मचारियों के तबादले, सरकार ने शुरू की नई व्यवस्था
Haryana News: चंडीगढ़, (सच कहूँ न्यूज)। हरियाणा सरकार ने मॉडल आॅनलाइन तबादला नीति-2026 के क्रियान्वयन की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सभी विभागों को आगामी 10 दिनों के भीतर आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद राज्य में पहली बार नई नीति के तहत आॅनलाइन तबादला अभियान शुरू किया जाएगा। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, बोर्डों, निगमों, राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) तथा संबंधित विभागों को इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सरकार ने एचआरएमएस रिकॉर्ड का सत्यापन एवं अद्यतन, आॅनलाइन सॉफ्टवेयर मॉड्यूल तैयार करने, नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, चिकित्सा एवं दिव्यांगता प्रमाण-पत्र समय पर जारी करने तथा वर्ष 2025 की निरस्त तबादला नीति के तहत लंबित सभी प्रक्रियाओं को समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही बोर्डों एवं निगमों को भी नई नीति अपनाने अथवा अपनी वर्तमान नीति में आवश्यक संशोधन करने को कहा गया है।
मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि स्थानांतरण प्रक्रिया में केवल अर्हता तिथि तक एचआरएमएस में उपलब्ध और सत्यापित जानकारी ही मान्य होगी। गलत या अधूरी जानकारी का सीधा असर कर्मचारी की पात्रता और मेरिट अंकों पर पड़ेगा। वहीं, एनआईसी को आॅनलाइन ट्रांसफर प्रणाली के सभी सॉफ्टवेयर मॉड्यूल प्राथमिकता के आधार पर विकसित, परीक्षण और लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
नई नीति की प्रमुख बातें
मॉडल आॅनलाइन तबादला नीति-2026 लागू होने के साथ ही वर्ष 2025 की तबादला नीति तत्काल प्रभाव से समाप्त हो गई है। पूर्व नीति के तहत लंबित नियमित तबादला प्रक्रियाएं भी निरस्त मानी जाएंगी। सरकार का उद्देश्य सभी सरकारी विभागों, बोर्डों और निगमों में पारदर्शी, प्रौद्योगिकी आधारित, निष्पक्ष एवं मेरिट आधारित तबादला व्यवस्था लागू करना, मनमानी पर रोक लगाना और न्यायिक विवादों को कम करना है।