शिक्षा और रोजगार
Ex-servicemen News: रक्षा मंत्रालय की पूर्व सैनिकों के लिए बड़ी सौगात!
ECHS में शामिल हुआ AIIMS पटना, मिल सकेगा विश्वस्तरीय उपचार
Ministry of Defence: नई दिल्ली। देश के पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इस कदम के तहत अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) पटना को पूर्व सैनिक अंशदायी स्वास्थ्य योजना (ईसीएचएस) के तहत सूचीबद्ध कर लिया गया है। यह एक लंबे समय से प्रतीक्षित निर्णय था। रक्षा मंत्रालय के अनुसार यह निर्णय बिहार तथा पड़ोसी राज्यों में रहने वाले लाखों पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। Ex-servicemen News
रक्षा मंत्रालय ने कहा कि एम्स पटना का ईसीएचएस नेटवर्क में शामिल होना उन पूर्व सैनिकों के प्रति राष्ट्र की प्रतिबद्धता को दर्शाता है जिन्होंने देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया। इस कदम से पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों को अब अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, विशेषज्ञ उपचार और उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी। वर्ष 2012 में स्थापित एम्स पटना को ईसीएचएस से जुड़ने में 12 वर्ष का समय लगा।
लंबे इंतजार के बाद हुए इस फैसले से बिहार के साथ-साथ झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के पूर्व सैनिकों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें जटिल और विशेष चिकित्सा उपचार के लिए राज्य से बाहर स्थित बड़े अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार एम्स पटना अपनी उत्कृष्ट चिकित्सीय सेवाओं, आधुनिक चिकित्सा प्रौद्योगिकी, उच्च स्तरीय विशेषज्ञ डॉक्टरों और विश्वस्तरीय रोगी देखभाल के लिए जाना जाता है। Ex-servicemen News
इसके ईसीएचएस नेटवर्क में शामिल होने से पूर्व सैनिकों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समय पर उपचार प्राप्त करने में मदद मिलेगी। विशेषज्ञों का मानना है कि इस फैसले से गंभीर बीमारियों, हृदय रोग, कैंसर, न्यूरोलॉजी, आर्थोपेडिक्स तथा अन्य जटिल चिकित्सा मामलों में पूर्व सैनिकों को बेहतर और त्वरित उपचार मिल सकेगा। साथ ही इलाज पर होने वाले अतिरिक्त खर्च और लंबी दूरी की यात्रा की आवश्यकता भी कम होगी।
रक्षा मंत्रालय ने इसे पूर्व सैनिक समुदाय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह कदम देश के उन वीर सैनिकों के सम्मान और कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है, जिन्होंने राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित किया। गौरतलब है कि एम्स पटना के ईसीएचएस से जुड़ने के साथ ही बिहार और आसपास के क्षेत्रों के पूर्व सैनिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का एक नया अध्याय शुरू हुआ है। इसके बाद उन्हें लंबे सफर तय कर दिल्ली या अन्य राज्यों में नहीं जाना पड़ेगा। पूर्व सैनिकों को अपने ही क्षेत्र में विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा। Ex-servicemen News