शिक्षा और रोजगार
Agriculture News: गुलाबी सुंडी के खतरे को लेकर कृषि विभाग ने किसानों को किया अलर्ट, जारी की एडवाइजरी
पहचान, बचाव और अनुशंसित कीटनाशकों की दी जानकारी
Pink Bollworm Alert: फतेहाबाद। जिले में नरमा की फसल फूलों की अवस्था में पहुंचने के साथ ही कृषि एवं किसान कल्याण विभाग ने किसानों को गुलाबी सुंडी के संभावित प्रकोप को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग का कहना है कि समय रहते कीट की पहचान और वैज्ञानिक तरीके से नियंत्रण अपनाकर फसल को भारी आर्थिक नुकसान से बचाया जा सकता है। सहायक पौधा संरक्षण अधिकारी डॉ. जागीर सिंह और कृषि विकास अधिकारी डॉ. अंकित ढिल्लों ने बताया कि किसान नियमित रूप से अपने खेतों का निरीक्षण करें। Agriculture News
गुलाबी सुंडी से प्रभावित फूल फिरकीनुमा या गुलाबनुमा दिखाई देते हैं, जो इसके शुरूआती प्रकोप का संकेत हैं। उन्होंने किसानों को सलाह दी कि खेत के अलग-अलग हिस्सों से 100 फूलों की जांच करें। यदि इनमें 5 से 10 फूल प्रभावित मिलें तो तुरंत अनुशंसित कीटनाशकों का छिड़काव करें। इसके लिए इमामेक्टिन बेंजोएट 5 प्रतिशत एसजी की 100 ग्राम प्रति एकड़ या प्रोफेनोफॉस 50 ईसी की 600 मिलीलीटर प्रति एकड़ मात्रा को 150 लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करने की सलाह दी गई है। कृषि अधिकारियों ने कहा कि पिछले वर्ष की नरमा फसल की बनछटियों को खेतों के आसपास खुला न छोड़ें। उन्हें अच्छी तरह ढक दें तथा अधखिले या सुंडी से प्रभावित टिंडों को एकत्र कर नष्ट कर दें, ताकि कीट का जीवन चक्र टूट सके और इसका फैलाव रोका जा सके। Agriculture News