नोएडा में दो शातिर चोर गिरफ्तार, चोरी का जनरेटर बरामद

जनरेटर चोरी कर बेचने की फिराक में थे चोर, पुलिस ने दबोचा

Published On

नोएडा (एजेंसी)। Noida News: नोएडा के फेस-2 थाने की पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एक जनरेटर, उसी जनरेटर का अल्टरनेटर तथा चोरी की वारदात में इस्तेमाल किया गया एक ऑटो भी बरामद किया है। 

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई को फेस-2 की पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर अभियान चलाया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के श्मशान घाट के पास घेराबंदी कर दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उनकी पहचान मोहसिन पुत्र इश्फाक अली और बृजेश यादव पुत्र राकेश यादव के रूप में हुई।

गिरफ्तार अभियुक्त मोहसिन मूल रूप से ग्राम कौमटी खरौली, थाना सासनी गेट, जनपद अलीगढ़ का रहने वाला है और वर्तमान में खोड़ा कॉलोनी, गाजियाबाद में रह रहा था। उसकी उम्र लगभग 28 वर्ष बताई गई है। वहीं दूसरा आरोपी बृजेश यादव मूल रूप से ग्राम टिकैतपुरा, थाना राजा का रामपुर, जनपद एटा का निवासी है और वर्तमान में ग्राम भंगेल, थाना फेस-2 क्षेत्र में रह रहा था। उसकी उम्र लगभग 22 वर्ष है।

तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया एक जनरेटर और उसका अल्टरनेटर बरामद किया। इसके अलावा चोरी की घटना में इस्तेमाल ऑटो भी कब्जे में लिया गया, जिसे मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी बृजेश यादव का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 में थाना राजा का रामपुर, एटा में महिला से संबंधित अपराध एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है।

इसके अतिरिक्त, वर्ष 2021 में धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में भी उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में थाना फेस-2 पर मुकदमा अपराध संख्या 295/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 317(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि उन्होंने पूर्व में और कितनी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है तथा इस गिरोह में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।

Noida News (2)

About The Author

Related Posts