एनएच-334बी पर भीषण सड़क हादसा, हाइवा में लगी आग, चालक की जिंदा जलकर मौत
टक्कर के बाद हाइवा बना आग का गोला, चालक की जिंदा जलकर मौत
खरखौदा (सच कहूँ न्यूज़)। Kharkhoda News: गांव रोहणा के पास एनएच-334बी पर बुधवार दोपहर करीब 1 बजे भीषण सड़क हादसे में डस्ट से भरे एक हाइवा में आग लग गई, जिससे चालक केबिन में ही फंस गया और जिंदा जलने से उसकी मौत हो गई। रोडी से भरे ट्रक को पीछे से डस्ट से भरे हाइवा ने टक्कर मार दी। टक्कर के तुरंत बाद हाइवा में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल पाया। मृतक की पहचान मंगल सेन (37 वर्ष), निवासी गांव आसन के रूप में हुई है।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और यातायात को नियंत्रित किया। आग पर काबू पाने के बाद चालक के शव को केबिन से बाहर निकालकर कब्जे में लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के चलते कुछ समय तक एनएच-334बी पर यातायात प्रभावित रहा।
