टक्कर के बाद आग का गोला बना डंपर, आग में जिंदा जला चालक

सोनीपत के रोहणा गांव के पास एनएच-334बी पर हादसा, केबिन में फंसा रहा चालक

Published On

सोनीपत (सच कहूँ न्यूज)। Sonipat News: हरियाणा के सोनीपत जिले में बुधवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-334बी पर रोहणा गांव के समीप दो भारी वाहनों की आमने-सामने नहीं, बल्कि पीछे से हुई भीषण टक्कर ने एक चालक की जान ले ली। जानकारी के अनुसार आगे चल रहे रोडी (पत्थर) से भरे ट्राले को पीछे से डस्ट (रेत) से लदे डंपर ने तेज गति से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही क्षणों में उसमें भीषण आग लग गई।

हादसे के बाद आग ने देखते ही देखते डंपर के इंजन और केबिन को अपनी चपेट में ले लिया। केबिन में फंसे चालक मंगल सेन को बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल सका। राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग की भीषण लपटों और तेज गर्मी के कारण कोई भी वाहन के पास नहीं पहुंच सका। चालक मंगल सेन (37), निवासी गांव आसन, जिला रोहतक, की केबिन के भीतर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद वाहन के केबिन को काटकर चालक का झुलसा हुआ शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के नागरिक अस्पताल भेज दिया।

भीषण हादसे और आगजनी के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-334बी पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई घंटे तक यातायात प्रभावित रहा और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटा ली है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। 

Sonipat News
Sonipat News: टक्कर के बाद आग का गोला बना डंपर, आग में जिंदा जला चालक

About The Author

Related Posts