भूपेश बघेल ने फिर कहा, अध्यक्ष बदलना ‘गुड्डा-गुड्डी का ‘खेल’ नहीं
बघेल ने पंजाब कांग्रेस की पूरी रिपोर्ट के.सी. वेणुगोपाल को सौंपी
चंडीगढ़ (सच कहूँ/अश्वनी चावला)। Chandigarh News: पंजाब कांग्रेस में चल रही अंदरूनी कलह को लेकर तैयार की गई रिपोर्ट बुधवार को पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल ने कांग्रेस हाईकमान को सौंप दी। भूपेश बघेल मंगलवार देर रात दिल्ली पहुंच गए थे और बुधवार सुबह करीब 11 बजे उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव के.सी. वेणुगोपाल से उनके आवास पर मुलाकात कर रिपोर्ट सौंपी। रिपोर्ट सौंपने के बाद भूपेश बघेल ने सभी को चौंकाते हुए कहा कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष को बदलना कोई ‘गुड्डा-गुड्डी का खेल’ नहीं है।
उन्होंने कहा कि मीडिया में अध्यक्ष बदलने को लेकर अफवाहें जरूर चल रही हैं, लेकिन इस तरह की कोई चर्चा पार्टी में नहीं हो रही है। बघेल ने बताया कि पंजाब के पांच दिवसीय दौरे के दौरान उन्होंने जिन-जिन नेताओं से मुलाकात की और सभी नेताओं ने जो-जो सुझाव व राय रखी, उसकी विस्तृत रिपोर्ट के.सी. वेणुगोपाल को सौंप दी गई है। अब इस मामले में अंतिम फैसला राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को करना है।
के.सी. वेणुगोपाल के आवास से बाहर निकलते समय भूपेश बघेल की बॉडी लैंग्वेज भी काफी सकारात्मक नजर आई।
चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेताओं का अभियान
राहुल गांधी की देश वापसी और भूपेश बघेल द्वारा रिपोर्ट सौंपे जाने के बीच कांग्रेस के कई नेताओं ने सोशल मीडिया पर पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में अभियान तेज कर दिया है। कई नेताओं ने चन्नी की बड़ी तस्वीर साझा करते हुए लिखा है, ‘सारा पंजाब चरणजीत सिंह चन्नी के साथ।’ इस तरह की पोस्ट एक-दो नेताओं तक सीमित नहीं है, बल्कि दर्जनों कांग्रेस नेताओं ने अपने-अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा की है। इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि कांग्रेस हाईकमान पर दबाव बनाने के लिए अब सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है।
प्रताप सिंह बाजवा भी पहुंचे दिल्ली, के.सी. वेणुगोपाल से की मुलाकात
पंजाब कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा भी बुधवार को अचानक दिल्ली पहुंचे। दिल्ली पहुंचने के बाद उन्होंने के.सी. वेणुगोपाल से उनके आवास पर मुलाकात की। हालांकि, इस मुलाकात के बारे में उन्होंने सार्वजनिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी। इस मुलाकात के बाद बाजवा ने चरणजीत सिंह चन्नी से भी मुलाकात की।
