किसान हितों को नई दिशा देने में जुटी मार्केट कमेटी, लाभार्थी को सौंपा 37,500 रुपये का चेक

किसान कल्याण योजना के तहत पात्र लाभार्थी को मिली आर्थिक मदद

Published On

डबवाली (सच कहूँ/ सुभाष)। Dabwali News: हरियाणा सरकार की मुख्यमंत्री किसान एवं खेतिहर मजदूर जीवन सुरक्षा योजना के तहत मार्केट कमेटी डबवाली ने पात्र लाभार्थी को आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए किसान हितैषी योजनाओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। शुक्रवार को मार्केट कमेटी कार्यालय में गांव चट्ठा निवासी श्रीमती शरणप्रीत कौर पत्नी लखविंदर सिंह को 37,500 रुपये की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया।

चेक वितरण कार्यक्रम में मार्केट कमेटी के चेयरमैन सतीश जग्गा, सचिव ऋषिराज तथा समिति के अन्य सदस्यों ने संयुक्त रूप से लाभार्थी को चेक सौंपा। इस अवसर पर चेयरमैन सतीश जग्गा ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना समिति की प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि बोर्ड बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार नई अनाज मंडी और सब्जी मंडी में एक-एक अतिरिक्त वाटर कूलर स्थापित किया गया है, जिससे किसानों, आढ़तियों, मजदूरों एवं आमजन को स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि मंडियों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है और भविष्य में भी यह प्रयास जारी रहेंगे।

सतीश जग्गा ने बताया कि आगामी धान खरीद सीजन की तैयारियों के तहत जुलाई और अगस्त माह में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में किसानों एवं आढ़तियों को धान खरीद प्रक्रिया, गुणवत्ता मानकों और आवश्यक दिशा-निर्देशों की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही रबी खरीद सीजन के दौरान प्राप्त अनुभवों और सुझावों पर भी चर्चा कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि किसानों और आढ़तियों के सहयोग से खरीद व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनाया जा सकता है। धान खरीद सीजन को सुचारु और व्यवस्थित बनाने के लिए मार्केट कमेटी समय रहते सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करेगी।

इस मौके पर संयुक्त सचिव सुनील कुमार, समिति सदस्य अजायब सिंह भाटी, संदीप चावला, कमल सचदेवा, कमलकांत दुरेजा, नगर पार्षद मनीष मोंगा, सुनील जिंदल, विकास शर्मा, विनेश छाबड़ा, रजनीश मोंगा, सुपरवाइजर मेनपाल वर्मा, पुष्पेंद्र कुमार, तुला राम, महावीर डूडी, संदीप गर्ग, जगत नारायण, जगसीर शेरगिल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Dabwali News

About The Author

Related Posts