शिक्षा और रोजगार
कुरुक्षेत्र में डंपिंग स्थल को लेकर हंगामा, पुलिस ने खुलवाया जाम
नये बस अड्डे के सामने डंपिग स्थल बनाने के चलते प्रदर्शन, लगा जाम
कुरुक्षेत्र (सच कहूँ ब्यूरो)। Kurukshetra News: कुरुक्षेत्र में लंबे समय से डंपिग स्थल बनाना प्रशासन के लिए जी का जंजाल बना हुआ है। जहां भी नगर परिषद द्वारा डंपिग स्थल बनाना जाता है, वहीं विरोध शुरू हो जाता है। अब प्रशासन द्वारा नये बस अड्डे के सामने कोचिंग संस्थानों के पीछे डंपिग स्थल बनाने पर मंगलवार को प्रदर्शन किया व कचरे के वाहनों को रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क जाम कर दी। उनका आरोप था कि पिछले कई महीने से पूरे शहर का कचरा यहां डाला जा रहा है, जिससे बदबू, गंदगी और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। उनका कहना है कि इसका सीधा असर बच्चों की पढ़ाई और उनके रोजगार पर पड़ रहा है।
कोचिंग के लिए आ रहे बच्चों की सेहत से खिलवाड़
प्रदर्शन कर रहे विक्रम ने कहा कि बस अड्डे के आस पास सैंकड़ों कोचिंग सैंटर हैं, जिसमें रोजाना हजारों बच्चे कोचिंग के लिए आते हैं। ऐसे में यहां कबाड़ डालने से युवाओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। यहां कई माह से गंदगी डालने से बदबू का आलम बना रहता है। उन्होने मांग की कि यहां से डंपिग स्थल को बदला जाए ताकि विद्यार्थी सही से अपनी पढाई सुचारू रख सकें। कोचिंग संस्थान संचालकों का कहना है कि बरसात के मौसम में यहां से उठने वाली बदबू और गंदगी के कारण छात्र कोचिंग आने से कतराने लगे हैं, जिससे उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।
करीब एक घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी की। जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। मौके पर पहुंचे ट्रैफिक एसएचओ रामकरण ने बताया कि डंपिंग यार्ड को लेकर कोचिंग संस्थानों और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था, जिसके चलते सड़क जाम हो गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु कराया है। उन्होंने कहा कि नगर परिषद को पूरे मामले की सूचना दे दी गई है और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।