दुबई सिंडिकेट को बैंक खाते सप्लाई करने वाले छह आरोपी गिरफ्तार
फर्जी निवेश ऐप के जरिए 2.65 करोड़ रुपये की ठगी
गुरुग्राम (सच कहूँ/संजय कुमार मेहरा)। Gurugram News: प्रतिष्ठित निवेश कंपनियों के नाम पर फर्जी व्हाट्सएप ग्रुप और निवेश ऐप बनाकर 2 करोड़ 65 लाख 55 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का गुरुग्राम पुलिस ने पदार्फाश किया है। पुलिस ने दुबई स्थित साइबर सिंडिकेट को बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि 19 जुलाई को मिली शिकायत में पीड़ित ने फर्जी निवेश ऐप के जरिए अधिक मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग बैंक खातों में करोड़ों रुपये जमा कराने की जानकारी दी थी।
जांच स्पेशल साइबर अपराध शाखा, सेक्टर-56 को सौंपी गई, जिसने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर छह आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी पुनीत चौधरी ने बहादुरगढ़ में किराये के फ्लैट से फर्जी फर्मों का पंजीकरण, बैंक खाते खुलवाने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने का पूरा नेटवर्क बना रखा था। आरोपी इन खातों को दुबई स्थित साइबर ठगी सिंडिकेट को उपलब्ध कराते थे और बदले में करीब पांच प्रतिशत कमीशन लेते थे। पुलिस अब गिरोह के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और अन्य राज्यों में हुई ठगी की भी जांच कर रही है।