महिला की मौत के बाद फूटा लोगों का गुस्सा
रेलवे स्टेशन के पास सड़क खुद भरने उतरे नागरिक, नगर परिषद के खिलाफ नारेबाजी
हनुमानगढ़। टाउन स्थित टिब्बी रोड पर रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत के बाद स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। शुक्रवार को क्षेत्र के रहवासी, दुकानदार और टेम्पो चालक रेलवे स्टेशन के पास एकत्रित हुए और नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। Hanumangarh News
साथ ही उन्होंने क्षतिग्रस्त सड़क में रेलवे स्टेशन के पास बने गड्ढे की मरम्मत अपने स्तर पर की। स्थानीय निवासी रोहित भार्गव ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए नगर परिषद ने करीब दो से ढाई माह पहले रेलवे स्टेशन के बाहर बने नालों की सफाई करवाई थी, लेकिन सफाई अधूरी छोड़ दी गई। कई स्थानों पर नालों को ढका भी नहीं गया। इस संबंध में पूर्व में शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद की लापरवाही के कारण गुरुवार की भारी बारिश में नाले का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर भर गया। जलभराव के कारण सड़क पर बने गहरे गड्ढे दिखाई नहीं दिए और वहां से गुजर रहे एक ई-रिक्शा का पहिया गड्ढे में फंसने से वाहन पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा में सवार महिला सड़क पर गिर गई और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। रोहित भार्गव ने कहा कि यह दुर्घटना नगर परिषद की लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना कार्यशैली का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि रेलवे स्टेशन से लेकर चुंगी नंबर छह तक टिब्बी रोड भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बारिश के दौरान नालों का पानी लगातार सड़क पर भरने से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि रेलवे स्टेशन के पास क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल पुनर्निर्माण कर उसे ऊंचा बनाया जाए। साथ ही नालों की वैज्ञानिक तरीके से सफाई कर उन्हें ढका जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। Hanumangarh News