हाई वोल्टेज बिजली पोल बने हादसे का कारण!
तीन-चार माह से अधूरा काम, बरसात में बढ़ी चिंता
हनुमानगढ़। जंक्शन में जाट भवन से अंबेडकर चौक तक जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डिस्कॉम) की ओर से लगाए जा रहे हाई वोल्टेज विद्युत पोल लोगों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बन गए हैं। क्षेत्र में पिछले तीन-चार माह से चल रहे कार्य के बावजूद कई पोलों के चारों ओर अब तक कंक्रीट (फाउंडेशन) नहीं डाला गया है, जिससे उनके अस्थिर होने और मानसून के दौरान गिरने की आशंका बनी हुई है। Hanumangarh News
इस संबंध में सामाजिक कार्यकर्ता सुशील बहल ने शुक्रवार को जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, जंक्शन के अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता एवं सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। सुशील बहल के अनुसार जाट भवन से अंबेडकर चौक तक कई नए हाई वोल्टेज विद्युत पोल लगाए जा चुके हैं, जबकि कुछ पोल अभी लगाए जाने बाकी हैं। लगाए गए अधिकांश पोलों के चारों ओर अब तक कंक्रीट नहीं डाली गई है, जिससे वे पूरी तरह सुरक्षित स्थिति में नहीं हैं।
वर्तमान में मानसून का मौसम शुरू हो चुका है और तेज बारिश व आंधी के दौरान इन पोलों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। सुशील बहल ने आशंका जताई कि यदि समय रहते पोलों का फाउंडेशन मजबूत नहीं किया गया तो राहगीरों, स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों की जान जोखिम में पड़ सकती है तथा किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने डिस्कॉम अधिकारियों से जनहित एवं सार्वजनिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी स्थापित हाई वोल्टेज विद्युत पोलों के चारों ओर शीघ्र कंक्रीट डालकर फाउंडेशन मजबूत करने तथा शेष सुरक्षा संबंधी कार्य तत्काल पूर्ण कराने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके। Hanumangarh News