अस्पताल और होटल में चोरी के दो मामलों का खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार
करोड़ों नहीं बल्कि लाखों की चोरी का सामान बरामदगी की दिशा में पूछताछ जारी
हनुमानगढ़। पुलिस अधीक्षक बी आदित्य के निर्देशन में जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़, संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश तथा गैंगस्टर एवं उनके सहयोगियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नोहर थाना पुलिस को सफलता मिली है। पुलिस ने अस्पताल और होटल में हुई चोरी के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से विस्तृत पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है। Hanumangarh News
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नोहर गीता चौधरी, वृत्ताधिकारी सुभाषचंद्र के निकटतम सुपरविजन तथा नोहर थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद के नेतृत्व में गठित टीम ने मानवीय एवं तकनीकी सूचना के आधार पर दोनों मामलों का सफल खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, 5 मई को वार्ड नंबर 29, नेहरू नगर, नोहर निवासी रवि राव पुत्र संतलाल भाट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 1 मई की रात नोहर-रावतसर मार्ग स्थित निर्माणाधीन आरोग्य हॉस्पिटल से अज्ञात चोर ऑक्सीजन सप्लाई, एयर सप्लाई, वैक्यूम सप्लाई सहित करीब 8 से 9 लाख रुपए का सामान चोरी कर ले गए।
इस संबंध में नोहर पुलिस थाना में प्रकरण दर्ज कर सहायक उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह ने अनुसंधान शुरू किया। जांच के दौरान पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लाला उर्फ बजरंग (19) पुत्र शिवशंकर वाल्मीकि, कबीर (23) पुत्र मुन्शीराम वाल्मीकि, अनिकेश (19) पुत्र सुभाष वाल्मीकि, विष्णु (19) पुत्र धर्मवीर वाल्मीकि और समीर उर्फ काकू (19) पुत्र पूनमचंद वाल्मीकि के रूप में हुई। Hanumangarh News
सभी आरोपी वार्ड नंबर 5, भानीपुरा मोहल्ला, नोहर के निवासी हैं। दूसरे मामले में 30 मई को वार्ड नंबर 4, भानीपुरा मोहल्ला नोहर निवासी असलम मलिक पुत्र सदीक मोहम्मद ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 27 मई की रात साहवा बाइपास स्थित मालिक होटल से अज्ञात व्यक्ति नकदी एवं मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। इस पर नोहर पुलिस थाना में प्रकरण दर्ज किया गया। अनुसंधान के बाद पुलिस ने सौरभ (22) पुत्र परमेन्द्र वाल्मीकि निवासी वार्ड नंबर 4, नोहर को गिरफ्तार कर लिया।
तीन आरोपियों का पहले भी रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी लाला उर्फ बजरंग के खिलाफ पूर्व में चोरी के 3 मामले, समीर उर्फ काकू के खिलाफ चोरी के 2 मामले, जबकि सौरभ के खिलाफ छेड़छाड़ और आर्म्स एक्ट के 2 मामले पहले से पुलिस थाना नोहर में दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। अनुसंधान के दौरान चोरी की अन्य वारदातों और संभावित सहयोगियों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में सहायक उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह, कांस्टेबल राजेन्द्र कुमार तथा विनोद कुमार शामिल रहे। Hanumangarh News