Theft News: रात के अंधेरे में अज्ञात चोर ले उड़े घर के बाहर खड़ा टेम्पो, सुराग नहीं मिलने पर मामला दर्ज
पुलिस ने शुरू की जांच
हनुमानगढ़, (सच कहूँ )। भादरा कस्बे में घर के बाहर खड़ा टेम्पो चोरी होने का मामला सामने आया है। वाहन मालिक ने अपने स्तर पर काफी तलाश करने के बाद भादरा पुलिस थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 10, भादरा निवासी सलीम खां (44) पुत्र इनायत अली खां ने भादरा थाना में उपस्थित होकर लिखित रिपोर्ट दी।
रिपोर्ट में बताया गया कि उन्होंने इकबाल खां पुत्र गन्नी खां निवासी वार्ड नंबर 1, तेलियों का मोहल्ला, भादरा से टेम्पो नंबर आरजे 10 पीए 3732 खरीदा था। टेम्पो का कब्जा एवं उपयोग सलीम खां के पास ही था। प्रार्थी के अनुसार 17 जुलाई की रात उन्होंने अपना टेम्पो वार्ड नंबर 10 में फुसे खां जमालखानी के मकान के सामने खड़ा किया था। रात के दौरान अज्ञात व्यक्ति बेईमानी की नीयत से टेम्पो चोरी कर ले गए।
18 जुलाई की सुबह जब सलीम खां वाहन देखने पहुंचे तो टेम्पो निर्धारित स्थान पर नहीं मिला।इसके बाद उन्होंने आसपास के मकान मालिकों एवं पड़ोसियों से पूछताछ की। लोगों ने बताया कि तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच किसी वाहन के स्टार्ट होकर वहां से जाने की आवाज सुनाई दी थी, लेकिन उस समय किसी ने विशेष ध्यान नहीं दिया।
रिपोर्ट के अनुसार वाहन चोरी होने के बाद प्रार्थी ने अपने रिश्तेदारों, परिचितों तथा संभावित स्थानों पर काफी तलाश की, लेकिन टेम्पो का कोई सुराग नहीं लग सका।पुलिस ने प्रार्थना-पत्र के आधार पर मामला दर्ज करते हुए जांच एएसआई सुमेर सिंह को सौंपी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज, संदिग्ध गतिविधियों तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टेम्पो और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।