शिक्षा और रोजगार
पुलिस-बदमाशों के बीच जोरदार मुठभेड़, भागते हुए 5 बदमाश पुल से गिरे
पंजाब सीमा के पास धींगतानिया पुल पर हुई घटना
श्रीगंगानगर (सच कहूँ न्यूज़)। Sri Ganganagar News: श्रीगंगानगर जिले के सादुलशहर थाना क्षेत्र में आज शाम पंजाब सीमा से सटे इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच तीव्र मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान भागते हुए 5 बदमाश धींगतानिया गांव के नजदीक नहर के पुल से गिर गए। सभी घायल बदमाशों को सादुलशहर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की सूचना के अनुसार कुछ दिन पहले सादुलशहर थाना क्षेत्र में खेरूवाला और छापांवाली इलाके में फायरिंग करने वाले बदमाश एक बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
पंजाब बॉर्डर के निकट धींगतानिया पुल के आसपास बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मिलते ही एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स की श्रीगंगानगर में चौकी के प्रभारी रामविलास बिश्नोई और सादुलशहर थाना प्रभारी मलकीयतसिंह की टीम ने तुरंत कार्रवाई की।एएसपी दीपक शर्मा के सुपरविजन में चलाए गए इस अभियान के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोलीबारी की। भागने की कोशिश में 5 बदमाश पुल से नीचे गिर गए।मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने 3 पिस्टल, एक दर्जन कारतूस और एक कार बरामद की है। बदमाशों पर पहले से ही हत्या, हत्या का प्रयास और डकैती के मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस इन बदमाशों से जुड़े अन्य संगठित अपराधों की भी जांच कर रही है। इन बदमाशों की पहचान अभी उजागर नहीं हुई है।घायल बदमाशों का इलाज सादुलशहर अस्पताल में चल रहा है। उनकी स्थिति की जानकारी अभी तक आधिकारिक रूप से जारी नहीं की गई है। पुलिस ने सभी घायलों की पहचान कर ली है और आगे की पूछताछ शुरू कर दी है।एएसपी दीपक शर्मा ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
