शिक्षा और रोजगार
शुद्ध पानी को तरस रहे ग्रामीण, सांसद इकरा हसन को सौंपा ज्ञापन
पानी की टंकी बंद होने से ग्रामीण परेशान, सांसद को सौंपा ज्ञापन
कैराना (सच कहूँ न्यूज़)। Kairana News: विकासखंड ऊन की ग्राम पंचायत यहियापुर आमवाली में जल जीवन मिशन के तहत पेयजल आपूर्ति हेतु बनी पानी की टंकी पिछले दो वर्षों से बंद पड़ी है, जिसके चलते छह गांवों के ग्रामीण पीने के शुद्ध पानी से तरस रहे हैं। ग्रामीणों ने कैराना लोकसभा क्षेत्र की सांसद इकरा हसन को ज्ञापन-पत्र सौंपकर टंकी को जल्द चालू कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से निर्मित पेयजल टंकी का निर्माण वर्षों पहले पूरा हो गया था, लेकिन तकनीकी खामियों और बोरवेल खराब होने के कारण योजना सुचारु रूप से संचालित नहीं हो सकी। जलस्तर गिरने से बोरवेल भी जवाब दे गया, जिसके चलते यहियापुर, आमवाली, खानपुर कला, शाहपुर, बिरालियान और खेड़ी जुनारदार में शुद्ध पेयजल आपूर्ति ठप है।
ग्रामीणों का कहना है कि टंकी बंद होने से उन्हें हैंडपंप, निजी बोरवेल और अन्य जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को उठानी पड़ रही है। उनका आरोप है कि कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं कराया गया। ज्ञापन में सांसद से मांग की गई है कि संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर जल जीवन मिशन की पेयजल योजना को तत्काल चालू कराया जाए। साथ ही, योजना में हुई लापरवाही की जांच कराकर जिम्मेदार अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाए। इस दौरान सद्दाम खान, वाजिद बीडीसी, तासिम चौधरी, इरफान चौधरी, बल्ला आदि ग्रामीण शामिल रहे। वहीं, सांसद ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से बात कर टंकी चलवाने का आश्वासन दिया है।
3.jpg)