Mona Agarwal Shooting News: एशियन पैरा गेम्स में मोना अग्रवाल का 'डबल धमाल'

50 मीटर राइफल 3पी एसएच1 में वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा, जीता गोल्ड

Published On

आइची (सच कहूँ/एजेंसी)। भारतीय पैरा-शूटर मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन एसएच1 स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। आइची प्रीफेक्चरल जनरल शूटिंग गैलरी में आयोजित मुकाबले में मोना ने 357.5 अंक हासिल किए। इस जीत के साथ उन्होंने प्रतियोगिता में अपना दूसरा गोल्ड मेडल भी जीत लिया।

इससे पहले मोना महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक हासिल कर चुकी हैं। वहीं, इसी स्पर्धा में भारत की अवनी लेखरा 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन के फाइनल में चौथे स्थान पर रहीं। मोना ने 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन में स्वीडन की एना बेन्सन के 356 अंक के विश्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। बेन्सन ने जुलाई 2026 में नोवी सैड में आयोजित विश्व कप के दौरान यह रिकॉर्ड बनाया था। इससे पहले दक्षिण कोरिया की ली युन-री के नाम 355.7 अंक का एशियाई रिकॉर्ड दर्ज था।

क्वालीफिकेशन राउंड में मोना ने 566-17x अंक हासिल कर छठा स्थान प्राप्त किया था। अवनी लेखरा ने 580-24x अंक के साथ क्वालीफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल किया। उनका यह स्कोर एशियन पैरा गेम्स का क्वालीफिकेशन रिकॉर्ड भी रहा। फाइनल में मोना ने नीलिंग और प्रोन सीरीज के बाद स्टैंडिंग पोजिशन में भी लगातार अच्छा प्रदर्शन किया। उन्होंने कुल 357.5 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता।

चीन की क्यूपिंग झांग ने 353.7 अंक हासिल कर रजत पदक और दक्षिण कोरिया की मियोंग किम ने 344.4 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। अवनी लेखरा इस मुकाबले में पदक हासिल नहीं कर सकीं। मोना ने इससे पहले महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक जीता था। उस मुकाबले में उन्होंने 250 अंक के साथ एशियन पैरा गेम्स रिकॉर्ड बनाया, जबकि अवनी लेखरा 249.6 अंक हासिल कर दूसरे स्थान पर रहीं।

About The Author

Related Posts