शिक्षा और रोजगार
गाजियाबाद में 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार
पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली, चोरी की स्कूटी और आईफोन बरामद
गाजियाबाद, सच कहूँ/रविंद्र सिंह। Ghaziabad News: शालीमार गार्डन थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश अमजद को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में पकड़ लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी की स्कूटी और आईफोन बरामद किया है।
एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि सोमवार रात 26 अक्टूबर को डीएलएफ चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ भगत सिंह चौक पर गश्त और चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान विक्रम एन्क्लेव स्थित रैन बसेरे की ओर से डीएलएफ क्षेत्र में आ रहा एक स्कूटी सवार पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगा। भागते समय उसकी स्कूटी कब्रिस्तान के मोड़ पर गिर गई। इसके बाद वह स्कूटी छोड़कर कब्रिस्तान के अंदर वाली गली में भागने लगा।
पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे कब्रिस्तान के अंदर से गिरफ्तार कर लिया।
16 मुकदमे दर्ज, 25 हजार का था इनाम
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमजद पुत्र चांद मोहम्मद, निवासी 20 फुटा रोड, प्रेम नगर, आयशा मस्जिद के पास, थाना लोनी, गाजियाबाद, उम्र करीब 25 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ गाजियाबाद के विभिन्न थानों में 16 मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
दिल्ली से चोरी मिली स्कूटी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, स्कूटी और एक आईफोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, स्कूटी को जिपनेट पर चेक करने पर उसके दिल्ली के वजीराबाद थाना क्षेत्र से चोरी होने की जानकारी मिली। मामले में पुलिस आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Comments