पच्चीस अक्टूबर को गन्ना लेकर मिल पहुंचेंगे किसान, भाकियू ने किया ऐलान

25 अक्टूबर को गन्ना लेकर मिल पहुंचेंगे किसान, भाकियू ने किया ऐलान

Published On

मोरना, सच कहूँ/राहुल कुमार प्रजापति। Morna News: दि गंगा किसान सहकारी चीनी मिल मोरना में पेराई सत्र 25 अक्टूबर से शुरू कराने की मांग को लेकर मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन टिकैत के कार्यकर्ताओं ने धरना-प्रदर्शन किया। किसानों ने नारेबाजी करते हुए मिल प्रशासन से जल्द पेराई शुरू कराने की मांग उठाई। धरने के दौरान भाकियू ने ऐलान किया कि 25 अक्टूबर को किसान अपना गन्ना लेकर मिल पहुंचेंगे। मिल प्रशासन तब तक अपनी तैयारियां पूरी कर ले।

धरने पर भाकियू के ब्लाक अध्यक्ष अनुज राठी ने कहा कि मिल समिति की वार्षिक निकाय की बैठक में किसानों ने एडीएम प्रशासन की मौजूदगी में 25 अक्टूबर से पेराई सत्र शुरू कराने की मांग रखी थी। किसानों के सामने पशुओं के चारे की समस्या बनी हुई है। इसके साथ ही खेतों में बरसीम की बुवाई भी करनी है। ऐसे में पेराई सत्र जल्द शुरू होना जरूरी है।

जिला उपाध्यक्ष पुष्पेंद्र प्रधान ने कहा कि न्यायालय के आदेश के अनुसार किसानों को गन्ना मूल्य पर मिलने वाला ब्याज दिया जाना चाहिए। इसके अलावा मिल की ओर से किसानों को कीटनाशक और यूरिया पर दी जा रही सब्सिडी का विवरण भी स्पष्ट किया जाए, ताकि किसानों को इसकी पूरी जानकारी मिल सके। धरने पर पहुंचे चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक वीपी पांडेय ने किसानों को आश्वासन दिया कि वह जिलाधिकारी से मिलकर पेराई सत्र शुरू करने की तिथि निर्धारित कराने का प्रयास करेंगे। इसके बाद भी भाकियू ने 25 अक्टूबर को गन्ना लेकर मिल पहुंचने के अपने फैसले को दोहराते हुए मिल प्रशासन को तैयारियां पूरी रखने की चेतावनी दी। धरने की अध्यक्षता प्रकाश राठी ने की, जबकि संचालन युवा प्रकोष्ठ के ब्लाक अध्यक्ष राजा देशवाल ने किया। इस दौरान भाकियू के भोकरहेड़ी नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, मोंटी राठी, भूरा चौधरी, श्यामवीर सिंह, अनिल, राहुल त्यागी, शिव कुमार और देवीलाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts