दुराचार के मामले में वांछित दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
दुराचार के मामले में वांछित दो आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
गाजियाबाद (सच कहूं/रविन्द्र सिंह)। विजयनगर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और दुषकर्म वांछित आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। रेप के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने जवाबी कार्रवाई के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
एसीपी कोतवाली उपासना पाण्डेय ने मीडिया को बताया कि 17 अक्टूबर -2026 की रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि दुष्कर्म के मामले में वांछित दो आरोपी साजवान नगर स्थित जल निगम प्लांट के पास मौजूद हैं। सूचना के आधार पर विजयनगर पुलिस ने फ्रेग्रेन्स सोसाइटी के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान सजवान नगर की ओर से फ्रेग्रेन्स सोसाइटी की तरफ एक बाइक पर सवार होकर दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने रुकने के बजाय बाइक मोड़कर भागने की कोशिश की। रास्ता उबड़-खाबड़ होने के कारण बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों नीचे गिर गए। एसीपी ने बताया कि पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लग गई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान और बरामदगी
एसीपी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुस्तकीम पुत्र फैज अली, निवासी चमन कॉलोनी और प्रदीप पुत्र श्रीराम, निवासी सिद्धार्थ विहार के रूप में हुई है। आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की एक बाइक और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं।
दोनों घायल अस्पताल में भर्ती
एसीपी ने बताया कि दोनों घायल आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।फिलहाल मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।