Farmers News: किसानों के लिए सरकार ने खोला सब्सिडी का खजाना, बागवानी पर मिलेगा 50 प्रतिशत तक अनुदान

किसानों के लिए सरकार ने खोला सब्सिडी का खजाना, बागवानी पर मिलेगा 50 प्रतिशत तक अनुदान

Published On

मीरापुर, सच कहूँ/कोमल प्रजापति। Farmers News: ग्राम मुझेडा सादात में टोल के पास स्थित बाग में किसानों को उद्यान विभाग की सब्सिडी एवं कृषि से संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए जिला स्तर के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान सरकारी अनुदान के तहत लीची, अमरूद और आम के पौधों का पौधारोपण कराया गया। अधिकारियों ने किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत मिलने वाले अनुदान, सुविधाओं और पात्रता की जानकारी देते हुए योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए जागरूक किया।

कार्यक्रम में प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी मुजफ्फरनगर अवनीश कुमार श्रीवास्तव, उद्यान निरीक्षक गौरव शर्मा, वन क्षेत्राधिकारी जानसठ रेंज मीरापुर अशोक शर्मा, वन दरोगा विवेक मलिक सहित विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बाग में पौधारोपण करने के साथ किसानों को फलदार पौधों की बागवानी, उनकी देखभाल तथा आधुनिक कृषि तकनीक के संबंध में भी जानकारी दी। प्रभारी जिला उद्यान अधिकारी अवनीश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सरकार द्वारा किसानों के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अनुदान की व्यवस्था की गई है। फलदार पौधों की बागवानी, सब्जियों के बीज, फूलों की खेती, मधुमक्खी पालन सहित विभिन्न कृषि गतिविधियों पर किसानों को 40 से 50 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है।

उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को अधिक आधुनिक और लाभकारी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि मुझेडा सादात में पूर्व में करीब 45 बीघा भूमि में आम का बाग था, जिसे बीमारी के कारण जिले सिंह सैनी द्वारा कटवा दिया गया था। इसके बाद इसी भूमि पर सरकारी अनुदान के तहत नए फलदार पौधे लगाने की योजना तैयार की गई। वर्तमान में यहां करीब 400 शाही लीची, 600 अमरूद तथा 40 आम की नई किस्म के पौधे लगाए जा रहे हैं। लीची के पौधे मुजफ्फरपुर से मंगाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार करीब 45 बीघा भूमि में लगभग 1000 फलदार पौधों का रोपण कराया जा रहा है। अधिकारियों ने किसानों को आलू की खेती से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।

बताया कि भामाशाह भाव स्थिरीकरण कोष योजना के तहत दो हेक्टेयर तक आलू की खेती करने वाले किसानों को 35 हजार रुपये तक का लाभ मिल सकता है। इसके अलावा कोल्ड स्टोर में आलू के भंडारण के दौरान नुकसान होने पर 100 रुपये प्रति क्विंटल तक की सहायता देने की योजना है। किसानों को आलू की नई किस्म 4401 के बीज पर मिलने वाली छूट के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों से अपील की कि वे किसी भी योजना का लाभ लेने से पहले संबंधित विभाग से जानकारी प्राप्त करें और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें। अधिक जानकारी के लिए उद्यान निरीक्षक के मोबाइल नंबर 9005032999 पर संपर्क किया जा सकता है। कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष नावेद खान, पूर्व अध्यक्ष नवीन सैनी, काशिफ रिजवी, अली जाफर जैदी, शहजाद, इमरान, फूल मियां सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।

About The Author

Related Posts