Kairana Road Accident: कैराना के युवक की पानीपत में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, कोहराम
पानीपत की फैक्ट्री में मैनेजमेंट का कार्य करता था 25 वर्षीय युवक अफसरुन, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana Road Accident: हरियाणा के पानीपत में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कैराना के 25 वर्षीय बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। युवक पानीपत स्थित एक फैक्ट्री में मैनेजमेंट का कार्य करता था। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा है। युवक अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़कर गया है। गांव रामड़ा निवासी अफसरुन पुत्र इकबाल उर्फ बाला हरियाणा के पानीपत में स्थित एक फैक्ट्री में मैनेजमेंट का कार्य करता था। बताया गया है कि वह बाइक पर सवार होकर कार्य के लिए जा रहा था। इसी दौरान पानीपत के गांव बबेल के निकट किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में युवक अफसरुन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में पानीपत पहुंचे। बाद में पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया गया है कि अफसरुन की शादी करीब पांच वर्ष पूर्व हुई थी। वह दो छोटे-छोटे बच्चों का पिता था। अचानक हुए हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।