जगनपुर में बारिश के पानी से जलभराव, पंपिंग सेट से कराई गई निकासी

ग्रामीणों की शिकायत पर ब्लॉक प्रशासन ने उठाया कदम, कीचड़ और गंदगी से परेशानी बरकरार

Published On

कैराना। Kairana News: गांव जगनपुर में विगत गुरुवार को हुई बारिश के पानी से जलभराव हो गया। गांव के मुख्य मार्ग पर कई फीट पानी भरने से रास्ता तालाब में तब्दील हो गया। बारिश का पानी ग्रामीणों के घरों में घुस गया। समस्या गंभीर होने पर ब्लॉक प्रशासन ने पंपिंग सेट लगवाकर पानी की निकासी कराई। हालांकि मार्ग पर कीचड़ और गंदगी अभी भी बरकरार है।

कैराना ब्लॉक क्षेत्र के गांव जगनपुर में लंबे समय से जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। विगत गुरुवार को बारिश के बाद स्थिति और विकट हो गई। मुख्य मार्ग पर भारी जलभराव से आवागमन बाधित हो गया। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत अफसरों से करते हुए पानी निकलवाने की मांग की। इसके बाद, ब्लॉक प्रशासन की ओर से पंपिंग सेट लगाकर पानी निकालने का कार्य शुरू कराया गया। एडीओ पंचायत राहुल पंवार ने बताया कि बारिश का पानी मार्ग पर भरने से आवागमन की समस्या बन गई थी, जिसके समाधान के लिए पानी की निकासी कराई गई है।

विदित रहे कि जलभराव से निपटने के लिए गांव में नाला निर्माण कराया जा रहा है, जिसे लेकर ग्रामीणों में दो पक्ष बने हुए है। दोनों पक्षों में मतभेद के चलते नाला निर्माण का कार्य अधर में लटका है। एक पक्ष निर्माण पूरा कराने की मांग कर रहा है, जबकि दूसरा पक्ष नाले का दूषित पानी घरों में घुसने की आशंका जता रहा है। विगत बुधवार को एसडीएम शिवाजी यादव ने राजस्व टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया था। उन्होंने निर्माणाधीन नाले की तकनीकी जांच कराकर रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजने की बात कही थी। फिलहाल ग्रामीणों को जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था का इंतजार है।

 

About The Author

Related Posts