पत्रकारिता समाज की समस्याओं को उजागर करने और जनता की आवाज अधिकारियों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम: सुधीर चौधरी

पत्रकार संगठन कैराना की पहली ऑनलाइन बैठक में पत्रकारिता की जिम्मेदारियां ईमानदारी से निभाने का संकल्प

Published On

कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: पत्रकार संगठन कैराना की मासिक बैठक रविवार को जूम एप के माध्यम से ऑनलाइन आयोजित की गई। संगठन की पहली ऑनलाइन बैठक में पदाधिकारियों और सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बैठक आयोजित करने की पहल की सराहना करते हुए पत्रकारिता की गतिविधियों को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने का संकल्प लिया गया। बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष सुधीर चौधरी ने की। मौसम खराब होने के कारण ऑनलाइन बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई और पत्रकारों से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं निष्पक्षता के साथ करने का आह्वान किया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष सुधीर चौधरी ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रकाशित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज का मार्गदर्शन करने, जनसमस्याओं को उजागर करने और वंचित एवं पीड़ित लोगों की आवाज संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। पत्रकारों को अपने-अपने क्षेत्रों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहिए। तथ्यों के आधार पर समाचार तैयार कर उन्हें अपने समाचार-पत्रों में प्रकाशित कराना चाहिए, ताकि लोगों की समस्याएं जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंच सकें। उन्होंने कहा कि एक पत्रकार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी निष्पक्षता, ईमानदारी और पत्रकारिता के सिद्धांतों का पालन करते हुए अपने कर्तव्यों को निभाना है।

आम जनता की समस्याओं, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली और सामाजिक मुद्दों को प्राथमिकता के साथ सामने लाना चाहिए। इससे संबंधित अधिकारियों का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित होगा और उनके समाधान का रास्ता खुलेगा। सुधीर चौधरी ने आगे कहा कि किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करना बेहद जरूरी है। पत्रकारिता में जिम्मेदारी, गंभीरता और जनहित को सर्वोपरि रखना समय की आवश्यकता है।

उन्होंने संगठन के सभी सदस्यों से आपसी सहयोग और एकजुटता के साथ पत्रकारिता के दायित्वों का निर्वहन करने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। बैठक में संगठन के संरक्षक महराब चौधरी, संरक्षक अब्दुल सत्तार चौधरी, निवर्तमान अध्यक्ष संदीप इन्सां, एम. इकबाल हसन, डॉ. अजमतुल्ला खान, डॉ. सलीम फारूकी, फिरोज खान, आशीष सैनी, दीपक बालान, पुनीत गोयल, अल्ताफ चौधरी, नदीम चौधरी और स्वदेश पंवार सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। वहीं, संगठन के प्रेरक सदस्य मेहरबान अली कैरानवी, अहसान सैफी, वाजिद अली, डॉ. अरशद चौधरी, अंसार सिद्दीकी, देवराज चौहान, मोहम्मद यूसुफ त्यागी, सुनील धीमान, डॉ. अनवारुल हक आदि किन्हीं कारणों से बैठक में भाग नहीं ले सके।

About The Author

Related Posts