जगनपुर पहुंचे एसडीएम शिवाजी यादव, नाला निर्माण की धरातलीय स्थिति को परखा
गंदे पानी की निकासी हेतु बनाए जा रहे नाले को लेकर गांव के दो पक्षों में चल रहा विवाद
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने गांव जगनपुर में पहुंचकर गंदे पानी की निकासी हेतु बनाए जा रहे नाले के निर्माण की धरातलीय स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्माणदायी संस्था के इंजीनियर से नाला निर्माण में इस्तेमाल की जा रही तकनीक समेत कई बिंदुओं पर जानकारी हासिल की। एसडीएम ने ग्रामीणों को समस्या के उचित समाधान का आश्वासन दिया है।
कैराना ब्लॉक क्षेत्र के गांव जगनपुर में पानी की समुचित निकासी नहीं होने से मार्ग पर जलभराव की समस्या बनी हुई है, जिससे आवागमन में परेशानी आ रही है। समस्या के समाधान के लिए नाले का निर्माण कराया जा रहा है, लेकिन निकासी व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों के दो पक्षों में मतभेद होने से कार्य प्रभावित हो गया। एक पक्ष का आरोप है कि लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। नाला निर्माण से पानी की निकासी सुचारु होगी, लेकिन कुछ लोगों द्वारा निर्माण कार्य रुकवाकर विकास कार्य में बाधा उत्पन्न की जा रही है। वहीं, दूसरे पक्ष के लोगो ने आशंका जताई कि प्रस्तावित नाले के निर्माण से दूषित पानी उनके घरों में घुस सकता है।
इससे मकानों और घरेलू सामान को आर्थिक नुकसान पहुंचने की आशंका है। उन्होंने निर्माण से पूर्व उचित तकनीकी जांच कराने की मांग की। इस दौरान राजस्व निरीक्षक विनोद कुमार व लेखपाल अनुराग पंवार मौजूद रहे। वहीं, एसडीएम शिवाजी यादव ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता से नाला निर्माण की तकनीकी जांच कराई जाएगी। इसके बाद रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए जलनिकासी का उचित समाधान कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को जलभराव से राहत मिले और किसी की संपत्ति को नुकसान न पहुंचे। तकनीकी जांच के उपरांत निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।