चुनाव-लड़ने से रोका तो बेटे-बहू की बोलेरो से कुचलकर हत्या
आरोपी पिता पुलिस की हिरासत में मामला दर्ज
तारानगर, सच कहूँ न्यूज। Taranagar News: चूरू जिले के तारानगर थाना क्षेत्र के चंगोई गांव में सरपंच चुनाव को लेकर पारिवारिक विवाद में बेटे और बहू की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि रामचंद्र रेपसवाल ने अपने बेटे रविंद्र और बहू महेंद्र पर पिकअप गाड़ी चढ़ा दी, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, रामचंद्र आगामी पंचायत चुनाव में सरपंच पद का चुनाव लड़ना चाहता था, जबकि उसका बेटा रविंद्र और बहू महेंद्र इसका विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर परिवार में लंबे समय से तनाव था।
मंगलवार को गांव के धर्मकांटे पर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि इसी दौरान रामचंद्र ने दोनों को गाड़ी से कुचल दिया। सूचना मिलने पर तारानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। मृतका के परिजनों की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीणों के अनुसार, सरपंच चुनाव को लेकर पिता-पुत्र के बीच करीब एक साल पहले भी विवाद हुआ था। उस समय ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया था, लेकिन पंचायत चुनाव नजदीक आने के साथ तनाव फिर बढ़ गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।