पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन में बड़ा जमीन घोटाला! ईडी ने शुरू की जाँच

अमरजीत मेहता और उनके बेटे पदमजीत मेहता का नाम शामिल

Published On

चंडीगढ़, सच कहूँ/अश्वनी चावला। Chandigarh News: पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) की ओर से बठिंडा और अमृतसर में खरीदी जा रही जमीन में करोड़ों रुपये का कथित घोटाला सामने आया है। इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मोहाली के एसएसपी को पत्र लिखकर एफआईआर दर्ज करने तक की मांग की है।  दूसरी ओर, ईडी ने पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन और उसके अध्यक्ष अमरजीत मेहता पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस पत्र में अमरजीत मेहता के बेटे और बठिंडा नगर निगम के मेयर पदमजीत मेहता का नाम भी शामिल है। 

ईडी की ओर से मोहाली के एसएसपी को लिखे गए पत्र में कहा गया है कि अमरजीत मेहता एक प्रभावशाली व्यक्ति हैं। इस समय पीसीए की ओर से मोहाली और बठिंडा में खेल स्टेडियम बनाने के लिए 77.99 करोड़ रुपये की जमीन खरीदी गई है। ईडी ने अपने पत्र में कहा है कि अमृतसर में मैसर्स एजीएम हाइट्स प्राइवेट लिमिटेड ने सितंबर से नवंबर 2025 के बीच स्थानीय किसानों से 21 कनाल 2 मरले जमीन 1 करोड़ 36 लाख रुपये में खरीदी थी। कुछ महीने बाद ही कंपनी ने 16 फरवरी 2026 को 32 कनाल 4 मरले जमीन 37 लाख 40 हजार रुपये प्रति कनाल के हिसाब से बेच दी।

इस पूरे मामले में ईडी द्वारा पत्र के साथ सबूत भी देने का किया जा रहा दावा 

इसी तरह फ्यूचर होम्स ने अगस्त से नवंबर 2025 के दौरान किसानों से 224 कनाल 2 मरले जमीन 5 करोड़ 56 लाख रुपये में खरीदी थी। इसके बाद इसी जमीन में से 123 कनाल 11.5 मरले जमीन 16 फरवरी 2026 को 46 करोड़ 18 लाख रुपये में बेच दी गई। इस सौदे की कीमत 37 लाख 40 हजार रुपये प्रति कनाल बताई जा रही है। ईडी ने अपने पत्र में बठिंडा के गांव दियोण में दर्शन सिंह से खरीदी गई 100 कनाल 10 मरले जमीन को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं।  इस पूरे मामले में ईडी की ओर से पत्र के साथ सबूत भी देने का दावा किया जा रहा है। फिलहाल मोहाली पुलिस इस मामले में कोई भी जानकारी देने से साफ इनकार कर रही है। वहीं, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन भी इस पूरे मामले पर कुछ कहने को तैयार नहीं है।

About The Author

Related Posts