PR Paddy News: कैथल की अनाज मंडियों में बढ़ा धान का दबाव, धीमे उठान से किसानों की बढ़ी परेशानी

मंडी में जगह कम, धान के ढेर ज्यादा! किसान चिंतत

Published On

कैथल (सच कहूँ/ कुलदीप नैन)। जिले की अनाज मंडियों में पीआर धान की आवक तेजी से बढ़ रही है लेकिन इसके विपरीत खरीद और उठान का काम धीमी गति से चल रहा है। उठान की धीमीगति की वजह से कैथल की अनाज मंडियां धान से लबालब भर चुकी है। मंडी के हर कोने में धान के कट्टों के ऊंचे-ऊंचे ढेर लग गए हैं। किसानों को अपनी फसल उतारने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। मंडियों में जगह की कमी के कारण विभिन्न स्थानों पर धान के ऊंचे-ऊंचे ढेर दिखाई दे रहे हैं। मंडी परिसर का अधिकांश हिस्सा फसल से भरा होने के चलते किसानों और आढ़तियों के लिए भी व्यवस्थाओं को संभालना चुनौतीपूर्ण हो रहा है।

पीआर धान की आवक बढ़ने के साथ ही मंडियों में रोजाना बड़ी मात्रा में फसल पहुंच रही है। किसानों की ओर से अपनी उपज मंडियों में लाई जा रही है, लेकिन खरीद और उठान की गति आवक के अनुरूप नहीं होने के कारण धान का स्टॉक लगातार बढ़ रहा है। मंडी में जगह कम होने से फसल रखने के लिए किसानों और आढ़तियों को उपलब्ध स्थान का ही इस्तेमाल करना पड़ रहा है। कई जगह धान के कट्टों के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं।

किसानों को करना पड़ रहा इंतजार

मंडी में अपनी फसल लेकर पहुंच रहे किसानों को धान उतारने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। किसानों के अनुसार आवक बढ़ने के साथ मंडियों में भीड़ और दबाव लगातार बढ़ रहा है। फसल की बिक्री और उठान की प्रक्रिया में समय लगने के कारण किसानों को अपनी उपज के साथ मंडी में अधिक समय बिताना पड़ रहा है। इससे किसानों की चिंता बढ़ रही है, क्योंकि मंडियों में फसल की मात्रा लगातार बढ़ती जा रही है।

मंडी में धान के बढ़ते जमाव को देखते हुए उठान की प्रक्रिया में तेजी लाने की जरूरत महसूस की जा रही है। यदि आवक इसी रफ्तार से जारी रहती है और उठान की गति धीमी बनी रहती है तो आने वाले दिनों में मंडियों में जगह की समस्या और बढ़ सकती है। फिलहाल किसानों की नजर खरीद और उठान व्यवस्था में तेजी आने पर टिकी है, ताकि मंडियों में जमा फसल समय पर उठ सके और नई आवक के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके।

About The Author

Related Posts