सब कुछ मिला एक तू ना मिली, शांति की तलाश में 41 साल से चल रही बैचेन यात्रा

41 साल से बेजुबान पशु-पक्षियों की सेवा में जुटे किशोरीलाल, 66 की उम्र में भी नहीं थमी सेवा की बेचैनी

Published On

सब कुछ है, लेकिन कुछ और पाने की तड़प खींच लाती है। किशोरीलाल को सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्त हुए 6 साल हो चुके हैं, बेटा—बेटी की शादी कर चुके हैं, और वे दोनों कस्टम विभाग में निरीक्षक जैसे प्रतिष्ठित पद पर कार्यरत हैं। कोई ईएमआई नहीं देनी, मकान में नया काम नहीं चलाना, लेकिन फिर भी किशोरीलाल बेचैन हैं। उनके पास केवल 7 दिन का स्टॉक बचा है और दानदाता अब आने वाली 1 तारीख को सैलरी आने के बाद ही सहयोग दे पाएंगे। बीच के 4—5 दिन के स्टॉक का प्रबंध करने के लिए किशोरीलाल के पास कई योजनाएं हैं और वे उन्हीं पर मंथन कर रहे हैं। जयपुर जिले के दो दर्जन से ज्यादा कुत्ते व बिल्लियां और हजारों चिड़िया व कबूतर किशोरीलाल पर निर्भर हैं।

यह कहानी जून 1985 से शुरू होती है। शास्त्रीनगर स्थित राजकीय वक्ष एवं टीबी अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किशोरीलाल के परिजनों को प्रख्यात चिकित्सक डॉ. जैन ने जवाब दे दिया था, और उस जवाब को किशोरीलाल ने परिजनों की डूबती आंखों में पढ़ लिया था। किशोरीलाल को खून की उल्टियां हो रही थीं, ऑक्सीजन की नली से सांस चल रही थी, लेकिन चेतना बाकी थी। उस रात के बारे में किशोरीलाल ने बताया कि स्वप्न में उनके दादा गोपाल दिखे और बोले कि "कुछ काम बाकी है, जो तुझे करना है" और स्वप्न टूट गया। दो दिन बाद डॉ. जैन हैरान थे कि चिकित्सा विज्ञान जिसे कुछ दिनों का मेहमान मान रहा था, उसके मेडिकल पैरामीटर्स में आश्चर्यजनक सुधार हो गया था।

इसके कुछ दिनों बाद डिस्चार्ज होकर लौटे किशोरीलाल का जीवन के प्रति दृष्टिकोण पूरी तरह बदल चुका था। सपने में दिखे दादा की छवि धूमिल होती गई, लेकिन बेचैनी बढ़ती गई। एक दिन अचानक संदेश के सूत्र को पकड़कर उन्होंने जूट के थैले में आटा और बची हुई रोटियां रखीं। आटा चींटियों को और रोटियां सड़क के बेसहारा कुत्तों को खिलाईं। आज 41 बरस बीत चुके हैं, लेकिन बेचैनी बरकरार है—बेचैनी ये कि कोई भूख से बिलख रहा है तो दूसरा चैन से कैसे सो सकता है। दूसरा इंसान ही हो, ये किसने बताया; जीव-जंतु भी तो हो सकते हैं।

किशोरीलाल शाम 3 बजे शासन सचिवालय में 3—4 जगह चींटियों के लिए चुग्गा और पक्षियों के लिए दाना डालते हैं, फिर सचिवालय और आसपास दानदाताओं से मदद के लिए मिलते हैं। इसके बाद चांदपोल मोक्षधाम में चुग्गा और दाना डालते हैं। रात 1 से 2 बजे के बीच शास्त्रीनगर और इसके आसपास के ढाबों पर जाते हैं और वहां बची हुई रोटियों को थैले में भरकर स्कूटर से सड़कों पर उसकी तलाश कर रहे कुत्ते-बिल्लियों को रोटी खिलाते हैं, और फिर घर आकर सो जाते हैं। सुबह सूरज निकलने से पहले निकले 66 वर्षीय किशोरीलाल आधी रात के बाद घर पहुंचते हैं। 

कुछ लोग दबी जुबान फुसफुसाते थे कि दान का हिसाब कहां है, आज के जमाने में कौन मूक पक्षियों और जानवरों के लिए दर-दर भटकता है। यह फुसफुसाहट प्रतिध्वनित होकर किशोरीलाल के कान और फिर दिल तक पहुंची। अब वे हर खरीद का पुख्ता बिल हर समय साथ रखते हैं, जिसमें खरीद का समय और दुकानदार के कॉन्टैक्ट नंबर तक लिखे होते हैं।

मूलतः शिवदासपुरा निवासी किशोरीलाल का नाहरी का नाका में मकान है। उनकी बेटी दीपिका मुंबई से और बेटा शंकर आगरा से जब भी घर आते हैं, सहयोग राशि भी देते हैं और सलाह भी कि उम्र के इस पड़ाव पर कुछ आराम की भी जरूरत है। लेकिन फिर वही बेचैनी उठती है, बढ़ती है और वे घर से निकल पड़ते हैं—दानदाताओं और मूक जीव-जंतुओं के बीच सेतु का काम करने के लिए। 

यह बेचैनी उन्हें परमात्मा की उस अनकही आज्ञा की याद दिलाती है, जो हर समर्थ मनुष्य को दी गई है। भारतीय संस्कृति में 'नर सेवा नारायण सेवा' और 'जीव दया' को ही सबसे बड़ा धर्म माना गया है। मूक होना इन बेजुबान जीवों की कमजोरी नहीं, बल्कि उस परमपिता परमेश्वर का एक दिव्य संकेत है उन मनुष्यों के लिए, जिन्हें ईश्वर ने वाणी, शक्ति और संवेदना दी है। क्योंकि उस सर्वशक्तिमान ईश्वर के दरबार में तो हम सभी मूक हैं, और बिना किसी स्वार्थ के उसके बनाए इन जीवों की क्षुधा शांत करना ही सच्ची भक्ति और सर्वोच्च प्रार्थना है।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts