तकनीक की सुविधा कहीं बच्चों की बुद्धि पर न बन जाए बोझ

तकनीक की सुविधा कहीं बच्चों की बुद्धि पर न बन जाए बोझ

Published On

डॉ. ओपी त्रिपाठी
अति आधुनिक तकनीक ने मनुष्य के जीवन को आसान बनाया है, लेकिन इसकी बढ़ती निर्भरता बच्चों के मानसिक विकास के सामने नई चुनौती भी खड़ी कर रही है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते इस्तेमाल ने पढ़ाई के तरीके बदल दिए हैं। अब बच्चों को किसी सवाल का जवाब खोजने, निबंध लिखने या गणित की समस्या हल करने के लिए अधिक मेहनत नहीं करनी पड़ती। कुछ ही क्षणों में उन्हें तैयार उत्तर मिल जाता है। चिंता की बात यह है कि इस सुविधा के कारण बच्चे स्वयं सोचने, समझने और समाधान खोजने का अभ्यास कम कर सकते हैं। इससे उनकी तर्कशक्ति, स्मरण क्षमता और रचनात्मक सोच प्रभावित होने की आशंका है। आर्थिक सहयोग एवं विकास संगठन की 2025 की अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी आकलन रिपोर्ट ने इस विषय पर महत्वपूर्ण तथ्य सामने रखे हैं।

इसमें 91 देशों और अर्थव्यवस्थाओं के 7.60 लाख से अधिक 15 वर्षीय विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। रिपोर्ट के अनुसार, जो विद्यार्थी पाठ का सार तैयार करने, लेख लिखने और नए विषयों पर प्रारंभिक जानकारी जुटाने जैसे कार्यों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता का अधिक सहारा लेते हैं, उनके विज्ञान विषय के अंक इससे दूर रहने वाले विद्यार्थियों की तुलना में औसतन लगभग 20 अंक कम रहे। हालांकि, यह संबंध अपने आप में यह साबित नहीं करता कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता ही कमजोर प्रदर्शन का कारण है। इसका प्रभाव इस बात पर निर्भर करता है कि विद्यार्थी इसका उपयोग किस उद्देश्य और कितनी समझदारी से करते हैं। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि 2015 से 2025 के बीच आर्थिक सहयोग एवं विकास संगठन के देशों में विद्यार्थियों के औसत पठन अंकों में 28 अंक और गणित के अंकों में 22 अंक की गिरावट आई। सीखने की प्रक्रिया में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका स्वयं प्रयास करने की होती है। गणित का सवाल हल करते समय विद्यार्थी जब अलग-अलग तरीके आजमाता है, तब उसकी समझ विकसित होती है। किसी विषय पर लिखते समय विचारों को क्रमबद्ध करना उसकी भाषा और कल्पनाशक्ति को मजबूत बनाता है। यदि हर कठिनाई का समाधान तैयार रूप में मिलने लगे तो बच्चों में धैर्य और मेहनत से सीखने की आदत कमजोर पड़ सकती है। मशीन से उत्तर प्राप्त करना और किसी विषय को गहराई से समझना दो अलग बातें हैं।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता कई बार गलत या अधूरी जानकारी भी दे सकती है। इसलिए बच्चों को उसके उत्तरों पर आंख मूंदकर भरोसा करने के बजाय तथ्यों की जांच करना सिखाना जरूरी है। इस तकनीक के लाभों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह कमजोर विद्यार्थियों को उनकी समझ के अनुसार विषय समझाने, अभ्यास कराने और कठिन प्रश्नों के सरल उत्तर देने में मदद कर सकती है। बच्चों की जिज्ञासा बढ़ाने और नई जानकारी तक पहुंच आसान बनाने में भी इसकी उपयोगिता है। समस्या तब पैदा होती है, जब इसका इस्तेमाल सीखने के स्थान पर तैयार उत्तर पाने के लिए होने लगता है। बच्चों को तकनीक से दूर रखना समाधान नहीं है। जरूरत इस बात की है कि घर और विद्यालय में इसके संतुलित उपयोग की समझ विकसित की जाए। माता-पिता बच्चों को स्वयं पढ़ने, प्रश्न पूछने, किताबें समझने और अपने विचार लिखने के लिए प्रोत्साहित करें। विद्यालयों में भी विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता से मिले उत्तरों की सत्यता परखने और अपनी समझ से निर्णय लेने का अभ्यास कराया जाना चाहिए।
(यह लेखक के अपने विचार हैं)

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts