शादी समारोह में चली गोलियां, खुशियां मातम में बदलीं

हजारीबाग में फायरिंग से युवक की मौत

Published On

Hazaribagh Wedding Firing: हजारीबाग (सच कहूँ/एजेंसी)। झारखंड के हजारीबाग में बुधवार देर रात एक शादी समारोह के दौरान हुई गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है। मृतक की पहचान हजारीबाग के बाबा पथ, हुरहुरू निवासी अर्णव सिंह उर्फ बिट्टू के रूप में हुई है। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। हमलावर मौके से फरार हो गए।  

वारदात जिला परिषद चौक के आगे डीवीसी क्षेत्र स्थित होटल उपकार में हुई। यहां शादी समारोह में बारात का द्वार लगने के तुरंत बाद अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। उस समय होटल परिसर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। गोलीबारी होते ही वहां भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। अर्णव सिंह उर्फ बिट्टू को गोली लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अंकित नामक एक अन्य युवक भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया। 

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शादी में लड़की पक्ष हजारीबाग के बाबा पथ, हुरहुरू का रहने वाला है जबकि लड़का पक्ष चतरा जिले के सिमरिया का निवासी बताया गया है। घटना के बाद शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। गोलीबारी के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस समारोह में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है। हमलावरों की पहचान, वारदात के कारणों और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी पहलुओं का खुलासा हो सकेगा।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts