Hanumangarh Zila Pramukh Election: जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए रेणु जांगू और सरस्वती गोदारा आमने-सामने

अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेदीलाल मीणा के समक्ष भरे नामांकन पत्र, बहुमत के बावजूद चुनावी मुकाबला दिलचस्प

Published On

हनुमानगढ़ (हरदीप सिंह)। जिला परिषद के जिला प्रमुख पद को लेकर जिले में सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिला प्रमुख की कुर्सी के लिए कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी रेणु जांगू और भाजपा की प्रत्याशी सरस्वती देवी गोदारा आमने-सामने हैं। बुधवार को दोनों प्रत्याशियों ने अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेदीलाल मीणा के समक्ष अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। इसके साथ ही जिला प्रमुख पद के लिए मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई है।

कांग्रेस की ओर से रेणु जांगू को अधिकृत प्रत्याशी बनाया गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर और सहप्रभारी डॉ. सुनील लारा जिला परिषद कार्यालय पहुंचे और पार्टी का चुनाव चिह्न (सिंबल) अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने रेणु जांगू के नाम पर पार्टी की एकजुटता जताते हुए जीत का दावा किया। जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने दावा किया कि कांग्रेस के पास अब तक 30 जिला परिषद सदस्यों का समर्थन है। उन्होंने भाजपा में भी सेंध लगाने की बात कही। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी के पति एवं पूर्व जिला कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष बृजमोहन जांगू ने पार्टी हाईकमान का आभार जताते हुए क्रॉस वोटिंग की किसी भी संभावना से इनकार किया।

दूसरी ओर भाजपा ने भी चुनावी मुकाबले को रोचक बनाते हुए सरस्वती देवी गोदारा को अपना प्रत्याशी बनाया है। सरस्वती देवी जिला परिषद के जोन संख्या 19 से निर्वाचित हुई हैं। वे भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष काशीराम गोदारा की धर्मपत्नी हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू और भाजपा नेता अमित चौधरी सहित अन्य नेता उनके साथ नामांकन दाखिल करवाने पहुंचे। अमित चौधरी ने कहा कि जिला परिषद में कांग्रेस के पास बहुमत होने के बावजूद भाजपा का नामांकन दाखिल करना लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक राजनीतिक दल अपना जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान बनाने का प्रयास करता है तथा भाजपा भी इसी दिशा में प्रयास कर रही है।

परिवार की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में

कांग्रेस प्रत्याशी रेणु जांगू की पारिवारिक राजनीतिक पृष्ठभूमि भी चुनाव के दौरान चर्चा का विषय बनी हुई है। रेणु जांगू के पति बृजमोहन जांगू पीलीबंगा क्षेत्र की ग्राम पंचायत हरदयालपुरा से इस बार सरपंच निर्वाचित हुए हैं। वे जिला कांग्रेस कमेटी में उपाध्यक्ष पद पर भी कार्य कर चुके हैं। उनकी देवरानी मोनिका वर्ष 2000 से 2005 तक जिला परिषद सदस्य रह चुकी हैं, जबकि उनके ससुर कनीराम जांगू ग्राम पंचायत लखासर के सरपंच रहे हैं। रेणु जांगू 59 वर्ष की हैं और 12वीं तक शिक्षित हैं। वे स्वयं का व्यवसाय करती हैं।

आरोपों पर कांग्रेस ने दी सफाई

नामांकन प्रक्रिया के दौरान रेणु जांगू के परिवार पर लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भी सवाल उठे। इस पर कांग्रेस सहप्रभारी डॉ. सुनील लारा ने सफाई देते हुए कहा कि इस तरह का कोई भ्रष्टाचार नहीं है। कांग्रेस नेताओं ने प्रत्याशी के समर्थन में पार्टी की एकजुटता जाहिर करते हुए जीत का भरोसा जताया।

गौरतलब है कि हनुमानगढ़ जिला परिषद की कुल 37 सीटों में से कांग्रेस ने 26 सीटें जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि भाजपा ने भी जिला प्रमुख पद के लिए प्रत्याशी मैदान में उतारकर मुकाबले को रोचक बना दिया है। अब सभी की नजरें जिला प्रमुख के निर्वाचन पर टिकी हैं। कांग्रेस के बहुमत के दावे और भाजपा की चुनावी रणनीति के बीच क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।

About The Author

Comments

Post Comment

Related Posts