शिक्षा और रोजगार
ट्रोनिका सिटी पुलिस की मुठभेड़ में हत्या का वांछित आरोपी बिलाल गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
कब्जे से तमंचा, चाकू, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद, उपचार के लिए अस्पताल भेजा
गाजियाबाद, सच कहूँ/रविन्द्र सिंह। Ghaziabad News: कमिश्नरेट गाजियाबाद के थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक चाकू, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। एसीपी लोनी राव रामकिशन राणा ने मीडिया को बताया कि 12 अक्टूबर 2026 को थाना ट्रोनिका सिटी में हत्या की घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। इसी क्रम में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। तभी एक मोटरसाइकिल सवार तेज गति से आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह खानपुर की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया।
केला गोदाम का रहने वाला है आरोपी
एसीपी लोनी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिलाल (करीब 27 वर्ष), निवासी केला गोदाम, थाना अंकुर विहार क्षेत्र, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, एक चाकू, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, बिलाल थाना ट्रोनिका सिटी में दर्ज हत्या के मुकदमे में वांछित था। आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। मुठभेड़ में घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस टीम ने अंजाम दिया।