शिक्षा और रोजगार
नगर सुधार ट्रस्ट ने बीबीवाला रोड, बठिंडा में कूड़े वाली जगह की बदली सूरत
पिछले करीब एक साल से चल रहा है पेट्रोल पंप
बठिंडा (सच कहूँ/सुखजीत मान)। Bathinda News: स्थानीय बीबीवाला रोड पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉपोर्रेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) का पेट्रोल पंप नगर सुधार ट्रस्ट, बठिंडा की जमीन पर बनाया गया है। इस जगह पर पहले कूड़े के ढेर लगे रहते थे। इस संबंध में जानकारी देते हुए नगर सुधार ट्रस्ट, बठिंडा के चेयरमैन जतिन्द्र भल्ला ने बताया कि आम लोगों को बेहतर सुविधा देने तथा शुद्ध और पूरी मात्रा में तेल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से इस पेट्रोल पंप की स्थापना की गई है। पेट्रोल पंप वाली जगह पर पहले कूड़ा पड़ा रहता था, जिससे प्रदूषण की समस्या बनी रहती थी। अब उसी जगह पर आधुनिक पेट्रोल पंप पिछले करीब 11 महीनों से अच्छी तरह चल रहा है। पंजाब के सभी नगर सुधार ट्रस्टों में यह अपनी तरह का पहला पेट्रोल पंप है।
इस परियोजना का काम शुरू होने के बाद इसे महज तीन महीनों में तैयार कर दिया गया था। इसका उद्घाटन 26 नवंबर 2025 को किया गया था। इस पेट्रोल पंप के निर्माण पर आने वाला पूरा खर्च हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉपोर्रेशन लिमिटेड की ओर से किया गया है। कंपनी के सहयोग से तैयार इस परियोजना से न केवल बेकार पड़ी जमीन का उपयोग संभव हुआ है, बल्कि क्षेत्र में एक नई व्यावसायिक गतिविधि भी शुरू हुई है। एचपीसीएल ट्रस्ट फ्यूल के नाम से चल रहे इस पेट्रोल पंप की प्रतिदिन की बिक्री करीब 7 लाख रुपये है। भल्ला ने बताया कि आने वाले समय में यहाँ गैस स्टेशन स्थापित करने की भी योजना है, जिससे गैस से चलने वाले वाहनों को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा, इस पेट्रोल पंप पर इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने की योजना भी बनाई जा रही है।