मिशन शक्ति-6.0: जगनपुर विद्यालय में बालिकाओं ने संभाली प्रशासनिक कमान
मिशन शक्ति-6.0: जगनपुर विद्यालय में बालिकाओं ने संभाली प्रशासनिक कमान
कैराना, सच कहूँ न्यूज़। Kairana News: मंगलवार को मिशन शक्ति-6.0 अभियान के तहत कैराना ब्लॉक क्षेत्र के गांव जगनपुर में स्थित संविलियन विद्यालय में बालिकाओं को सशक्त बनाने और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करने के उद्देश्य से एक दिवसीय एक्सपोजर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान छात्राओं को विभिन्न प्रशासनिक व व्यवस्थापकीय पदों का प्रभार देकर एक दिन के लिए विद्यालय संचालन का अवसर दिया गया। कार्यक्रम के तहत बालिकाओं को कई प्रमुख जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जिसमें लंच के बाद अनुशासन व्यवस्था, कक्षाओं का निरीक्षण, दिन के अंत में समीक्षा बैठक, परिसर, शौचालयों एवं कूड़ेदानों की सफाई, पेयजल स्थल का निरीक्षण, मध्याह्न भोजन के बाद छात्रों को समय पर कक्षाओं में भेजना तथा शांति व सुरक्षा बनाए रखना शामिल रहा।
इसके अलावा, लाइब्रेरी की व्यवस्था, छात्रों को पुस्तकें जारी एवं जमा करने में सहयोग, अंतिम कालांश में खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों का संचालन, खेल सामग्री का प्रबंधन, छुट्टी के समय मुख्य घोषणाएं, विचार लेखन और दिनभर की गतिविधियों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने का कार्य भी प्रभारी अधिकारी बनी छात्राओं की देखरेख में सम्पन्न कराया गया। छात्राओं ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, कुशलता और जिम्मेदारी के साथ किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाध्यापक अनिल राणा ने सभी बच्चों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी प्रकार आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम को सफल बनाने में मिशन शक्ति एवं मीना मंच की प्रभारी अध्यापिका मीनाक्षी छौक्कर का विशेष योगदान रहा तथा संपूर्ण स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।